अमरनाथ यात्रा : स्नान करती महिला का वीडियो बना रहा था पुलिसकर्मी, मामला दर्ज

अमरनाथ यात्रा की शुरुआत हो गई है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। इस बीच शुक्रवार को अमरनाथ यात्रा के दौरान एक स्थानीय पुलिसकर्मी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिसकर्मी पर स्नान करती एक महिला का वीडियो बनाने का आरोप है। पुलिस सूत्रों ने कहा कि भारतीय रिजर्व पुलिस की 19वीं बटालियन के सिपाही तारिक अहमद के खिलाफ उसके कृत्य के लिए मामला दर्ज किया गया है। पुलिस सूत्रों ने कहा कि घटना के संबंध में त्रिकुटा नगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है।

दरहसल, महिला अमरनाथ यात्रा शिविर में स्नान कर रही थी, उसी दौरान सिपाही अपने मोबाइल कैमरा से वीडियो शूट करने की कोशिश कर रहा था। जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया, हालांकि बाद में जमानत पर छोड़ दिया गया। उसे कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। इसके अलावा उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।