टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर को जान से मारने की धमकी मिली है। यह धमकी आतंकी संगठन ISIS कश्मीर की ओर से दी गई है। इस मामले में गंभीर ने 23 अप्रैल को दिल्ली पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई है। इसके साथ ही उन्होंने अपने परिवार की सुरक्षा की मांग भी की है।
पहलगाम हमले के बाद धमकी से हड़कंपगौतम गंभीर इस समय आईपीएल के चलते टीम इंडिया से ब्रेक पर हैं। हाल ही में वह अपने परिवार के साथ यूरोप के टूर पर भी गए थे। लेकिन पहलगाम में हुए आतंकी हमले के ठीक अगले दिन उन्हें यह धमकी मिली, जिससे क्रिकेट जगत और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है।
आईपीएल 2025 के बाद टीम इंडिया को इंग्लैंड दौरे पर जाना है। इस दौरे के साथ ही गौतम गंभीर फिर से अपने मुख्य कोच की जिम्मेदारी निभाते नजर आएंगे। टीम इंडिया ने गंभीर की कोचिंग में चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता था, हालांकि वह WTC फाइनल के लिए क्वालिफाई नहीं कर पाई थी।
गंभीर की अगुवाई में इंग्लैंड के खिलाफ 5 टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जाएगी, जो जून से अगस्त के बीच प्रस्तावित है। उनका उद्देश्य न सिर्फ इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज जीतना है, बल्कि इसके साथ ही टीम इंडिया को WTC टेबल में मजबूती दिलाना भी है।
गौतम गंभीर का टीम इंडिया के साथ हेड कोच के रूप में करार 2027 के वनडे वर्ल्ड कप तक का है। अपनी कोचिंग में वह एक आईसीसी ट्रॉफी जीत चुके हैं और आगे आने वाले टूर्नामेंट्स में और भी खिताब जीतने की उनकी योजना है।