पर्थ के ऑप्टस स्टेडियम में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के पहले दिन भारतीय बल्लेबाज केएल राहुल के आउट होने से विवाद खड़ा हो गया है। राहुल को आउट दिए जाने के विवादास्पद फैसले पर क्रिकेट जगत में मतभेद है। हालांकि, कई पूर्व भारतीय क्रिकेटरों ने तीसरे अंपायर के फैसले पर नाराजगी जताई। ओपनिंग करते हुए बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले राहुल एक विवादास्पद फैसले में शामिल थे। यह घटना भारत की बल्लेबाजी के 23वें ओवर के दौरान हुई, जब टीम पहले से ही संघर्ष कर रही थी और तीन विकेट जल्दी-जल्दी खो चुकी थी। राहुल ने 26 रन की पारी खेली थी और ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को थका देना चाहते थे, जो पर्थ की तेज और उछाल भरी पिच पर आग उगल रहे थे।
राहुल मिशेल स्टार्क की गेंद को डिफेंड करने की कोशिश कर रहे थे, जो उनके सामने कोण से आई थी। गेंद उनके बल्ले के पास से निकल गई और विकेट के पीछे एलेक्स कैरी ने कैच कर ली। ऑस्ट्रेलियाई टीम ने अपील की और मैदानी अंपायरों ने नॉट आउट करार दिया। रिव्यू में स्निको पर स्पाइक दिखाई दिया, जो गेंद के बल्ले से संपर्क का संकेत था। हालांकि, यह तय नहीं हो पाया कि आवाज पहले पैड से आई या बल्ले से। इस पर अस्पष्टता के बावजूद, तीसरे अंपायर ने राहुल को आउट करार दिया।