उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के कप्तानगंज थाने के करचोलिया सिवान में सास-बहु का गला रेतकर हत्या करने की कोशिश की गई जिसमें सास की तो मृत्यु हो गई और बहु अस्पताल में भर्ती हैं। शौच के लिए निकले लोग महिला की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे थे और दर्द से कराह रही बहू को आनन-फानन उपचार के लिए सीएचसी कप्तानगंज पहुंचाया। जहां से हालत गंभीर देख चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना में 58 वर्षीय महिला सुभावती देवी की मृत्यु हो गई और 30 वर्षीय बहू पूजा की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद एसपी आशीष श्रीवास्तव, फोरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड, क्राइम ब्रांच की टीम गांव में पहुंची।
पुलिस के मुताबिक करचोलिया गांव की सुभावती देवी पत्नी राम पियारे और उसकी बहू पूजा पत्नी कमलेश शौच के लिए गांव के पूरब सिवान में गयी थी। बताया जाता है कि संदिग्ध परिस्थितियों में सास-बहू पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। मौके पर संघर्ष के निशान हैं। गला रेतने से मौके पर ही सास खेत में मौत हो गई जबकि बहू पूजा को गंभीर हालत में स्थानीय लोगों ने उपचार के लिए सीएचसी कप्तानगंज पहुंचाया। जहां हालत गंभीर देख जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
पूजा का पति कमलेश उर्फ राजू चार वर्षों से सऊदी अरब में रहता था। तीन माह पहले गांव आया है। घर में पिता-पुत्र के अलावा सास बहू ही थी। पुलिस ने घायल पूजा विश्वकर्मा के बयान के आधार पर गांव के ही एक युवक को हिरासत में ले लिया है।