24 घंटे में 53,000 से ज्यादा कोरोना संक्रमित मिले, महाराष्ट्र और मप्र के कई जिलों में लॉकडाउन

By: Pinki Thu, 25 Mar 2021 08:52:08

24 घंटे में 53,000 से ज्यादा कोरोना संक्रमित मिले, महाराष्ट्र और मप्र के कई जिलों में लॉकडाउन

देश में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। पिछले 24 घंटे में 50 हजार से ज्यादा मरीज मिले। नए संक्रमितों का यह आंकड़ा 23 अक्टूबर के बाद सबसे ज्यादा है। तब 53,931 मरीज मिले थे। बुधार को 53,419 मरीज मिले। बीते 24 घंटे में सबसे ज्यादा 31,855 मरीज महाराष्ट्र में मिले। यहां 15,098 मरीज ठीक हुए और 95 संक्रमितों की मौत हो गई। बीते 24 घंटे में एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 26,588 की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसके साथ ही कुल एक्टिव केस 3।91 लाख हो गए। देश में अब तक 1 करोड़ 17 लाख 87 हजार 13 लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 1 करोड़ 12 लाख 29 हजार 591 ठीक हो चुके हैं, जबकि 1.60 लाख मरीजों ने जान गंवाई है। ये आंकड़े covid19india.org से लिए गए हैं।

डबल म्यूटेंट वैरिएंट ने बढ़ाई चिंता


केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को जानकारी दी कि नए स्ट्रेन के संक्रमण को लेकर चिंता और बढ़ गई है। जीनोम सिक्वेंसिंग और महाराष्ट्र के नमूनों के विश्लेषण से वायरस में नया म्यूटेशन पाया गया, जो पहले से मौजूद वैरिएंट्स से मेल नहीं खाता है। महाराष्ट्र कोरोना से भारत का सबसे अधिक प्रभावित राज्य है। हालांकि, मंत्रालय ने कहा कि यह अभी स्पष्ट नहीं है कि नया वैरिएंट ही वहां या अन्य राज्यों में मामलों में बढ़ोतरी का कारण है। भारत में पहले ही ब्रिटेन में पाए गए कोरोना के नए वैरिएंट के कई मामले सामने आ चुके हैं। साथ ही साथ दक्षिण अफ्रीका और ब्राजील में भी पाए गए नए वैरिएंट के मामले सामने आ गए हैं।

महाराष्ट्र में बुधवार को 31,855 नए मरीज मिले। 15,098 ठीक हुए, जबकि 95 की मौत हुई। राज्य में अब तक 25.64 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 22.62 लाख ठीक हुए हैं, जबकि 53 हजार 684 की मौत हुई है। यहां फिलहाल 2.47 लाख लोगों का इलाज चल रहा है। इससे पहले मंगलवार को राज्य में 28 हजार 699 मामले सामने आए थे। महाराष्ट्र के कई शहरों में कोरोना को लेकर फिर से पाबंदी लगाई जा रही है। कोरोना के बढ़ते खतरे को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने भी राज्य के दो जिलों नांदेड़ और बीड में बुधवार रात 12 बजे से 4 अप्रैल तक लॉकडाउन घोषित कर दिया है। इस बीच नासिक में लगे लॉकडाउन को लेकर नए गाइडलाइंस जारी किए गए हैं। 31 मार्च तक हर शनिवार और रविवार अतिआवश्यक सेवाओं को छोड़कर सभी दुकानें और चीजें बंद रहेंगी। सोमवार से शुक्रवार तक सभी दुकानें सुबह 7 से शाम 7 तक और, अति आवश्यक चीजों से जुड़ी सेवाएं सुबह 7 से 9 बजे तक जारी रहेगी। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से कहा गया कि कोरोना वायरस के सक्रिय मामले 10 जिलों (पुणे, नागपुर, मुंबई, ठाणे, नासिक,औरंगाबाद, बेंगलुरु अर्बन, नांदेड, जलगांव, अकोला) में केंद्रित हैं। इस 10 जिलों में से 9 जिले महाराष्ट्र और 1 जिला कर्नाटक से है।

पंजाब में बुधवार को 2,613 नए मरीज मिले। 1,455 ठीक हुए, जबकि 39 की मौत हुई। राज्य में अब तक 2.20 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 1.93 लाख ठीक हुए हैं, जबकि 6,474 की मौत हुई है। फिलहाल 20 हजार 522 लोगों का इलाज चल रहा है।

केरल में बुधवार को 2 हजार 456 नए मरीज मिले। 2,060 ठीक हुए, जबकि 10 की मौत हुई। राज्य में अब तक 11.09 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 10.80 लाख ठीक हुए हैं, जबकि 4 हजार 528 की मौत हुई है। यहां एक्टिव केस में तेजी से गिरावट आई है। 23 फरवरी को यहां 54 हजार 661 मरीजों का इलाज चल रहा था। यह संख्या घटकर 24 हजार 265 हो गई है।

कर्नाटक में बुधवार को 2 हजार 298 नए मरीज मिले। 995 संक्रमित ठीक हुए, जबकि 5 की मौत हुई। राज्य में अब तक 9.75 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 9.46 लाख ठीक हुए हैं, जबकि 12 हजार 461 की मौत हुई है। फिलहाल यहां 16 हजार 886 लोगों का इलाज चल रहा है। राज्य में मंगलवार की तुलना में 250 ये ज्यादा का उछाल आया।

छत्तीसगढ़ में बुधवार को 2106 नए मरीज मिले। 634 ठीक हुए, जबकि 29 की मौत हुई। राज्य में अब तक 3.29 लाख लोग इस महामारी से संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 3.13 लाख ठीक हुए हैं, जबकि 4 हजार 11 की मौत हुई है। यहां एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में बीते 9 दिन में 7 हजार 836 की बढ़ोतरी हुई है। यहां 14 मार्च को 4 हजार 98 एक्टिव केस थे, जो 24 मार्च को बढ़कर 11 हजार 934 हो गए।

गुजरात में बुधवार को 1 हजार 790 नए कोरोना मरीज मिले। 1 हजार 277 मरीज ठीक हुए, जबकि 8 की मौत हुई। राज्य में अब तक 2.92 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 2.78 लाख ठीक हुए हैं, जबकि 4 हजार 466 मरीजों की मौत हुई है और फिलहाल 8 हजार 823 लोगों का इलाज चल रहा है। यहां 28 फरवरी को 407 केस आए थे, तब से इनमें हर दिन बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। गुजरात सरकार ने होली को लेकर नए दिशानिर्देश जारी किए हैं। सरकार ने कहा कि होली वाले दिन सार्वजनिक समारोहों और भीड़ वाले कार्यक्रमों की अनुमति नहीं होगी।

मध्यप्रदेश में बुधवार को 1 हजार 712 नए मरीज मिले। 950 ठीक हुए, जबकि 7 की मौत हुई। राज्य में अब तक 2.80 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 2.66 लाख ठीक हुए हैं, जबकि 3 हजार 919 की मौत हुई है। फिलहाल 10 हजार 47 लोगों का इलाज चल रहा है। मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में हालात की समीक्षा की गई। तय हुआ कि 20 से ज्यादा केस वाले जिलों में सिनेमाघर, क्लब, स्वीमिंग पूल और रेस्टोरेंट बगैरह बंद हो जाएंगे। रेस्टोरेंट में बैठकर खाने की सुविधा नहीं होगी, लेकिन पार्सल ले जाने की अनुमति होगी। शादी समारोह में 50 और शवयात्रा में 20 से अधिक व्यक्तियों के शामिल होने पर प्रतिबंध रहेगा। उठावना में 50 से अधिक लोग उपस्थिति नहीं हो सकेंगे। चार और शहरों बैतूल, छिंदवाड़ा, खरगोन और रतलाम में भी रविवार को लाकडाउन रखने का फैसला किया है। इंदौर, भोपाल और जबलपुर में यह पहले ही लागू है। इन जिलों में 31 मार्च तक स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे। चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि होली, शबे बारात, ईस्टर आदि त्योहार के सार्वजनिक कार्यक्रम प्रतिबंधित रहेंगे। बड़ी संख्या में लोगों को एकत्र नहीं होने दिया जाएगा। हालांकि, औद्योगिक इकाइयों के श्रमिक, कर्मचारियों, औद्योगिक कच्चे माल, उत्पाद, बीमार व्यक्तियों के परिवहन, एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन आने-जाने के साथ परीक्षा या प्रतियोगी परीक्षा में शामिल होने की छूट रहेगी।

दिल्ली में बुधवार को 1 हजार 254 नए केस आए। 769 मरीज ठीक हुए और 6 संक्रमितों की मौत हुई। यहां अब तक 6.51 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं, 6.35 लाख ठीक हुए हैं और 10 हजार 973 ने जान गंवाई है। अभी 4 हजार 890 का इलाज चल रहा है। यहां 1 मार्च को 175 केस आए थे, यानी 23 दिन में ही यहां एक हजार से ज्यादा का उछाल आया है।

राजस्थान में बुधवार को 669 संक्रमितों की पहचान हुई। 258 मरीज ठीक हुए और एक की मौत हुई। राज्य में अब तक 3.27 लाख मरीज इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 3.19 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 2 हजार 808 ने जान गंवाई है। यहां 23 फरवरी को 76 केस आए थे, जो 24 मार्च तक बढ़कर 700 के करीब पहुंच गए हैं। यानी इनमें करीब 600 की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। राजस्थान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के अनुसार दूसरे राज्यों से आने वाले यात्रियों के लिए 72 घंटे की अवधि की आरटीपीसीआर रिपोर्ट जरूरी की गई है। बिना टेस्ट वाले यात्रियों को 15 दिन क्वारंटीन किया जाएगा।

हम WhatsApp पर हैं। नवीनतम समाचार अपडेट पाने के लिए हमारे चैनल से जुड़ें... https://whatsapp.com/channel/0029Va4Cm0aEquiJSIeUiN2i
पढ़ें Hindi News ऑनलाइन lifeberrys हिंदी की वेबसाइट पर। जानिए देश-विदेश और अपने प्रदेश से जुड़ीNews in Hindi

Home | About | Contact | Disclaimer| Privacy Policy

| | |

Copyright © 2024 lifeberrys.com