फिर बिगड़े हालात, पिछले 24 घंटे में मिले 25 हजार से ज्यादा कोरोना मरीज; एक्टिव केस का आंकड़ा 2 लाख के पार

By: Pinki Sun, 14 Mar 2021 08:10:59

फिर बिगड़े हालात, पिछले 24 घंटे में मिले 25 हजार से ज्यादा कोरोना मरीज; एक्टिव केस का आंकड़ा 2 लाख के पार

देश में कोरोना मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ती जा रही है। पिछले 24 घंटे में 25,154 नए मरीज मिले हैं। 16,519 संक्रमित ठीक हुए हैं, जबकि 159 की मौत हुई है। इस तरह कोरोना एक्टिव मरीजों की संख्या में 8,477 की बढ़ोतरी हुई है।आपको बता दे, देश में एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 2 लाख 7 हजार 499 हो गई है। 11 फरवरी को एक्टिव मरीजों की संख्या 1 लाख 33 हजार 79 पर पहुंच गई थी। देश में अब तक 1.13 करोड़ लोग इस बीमारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 1.09 करोड़ ठीक हो चुके हैं। 1.58 लाख की मौत हुई है, जबकि 2.07 लाख का इलाज चल रहा है। ये आंकड़े covid19india.org से लिए गए हैं।

सक्रिय मामलों के बढ़ने के साथ ही मरीजों के उबरने की दर गिरती जा रही है। इसके चलते देश के कई हिस्‍सों में लॉकडाउन की वापसी हो गई है। यही नहीं कई शहरों में नाइट कर्फ्यू भी लगाया गया है। साथ ही स्कूलों को फि‍र बंद करने की नौबत आ गई है। देश के 6 राज्‍यों महराष्‍ट्र, पंजाब, केरल, गुजरात, तमिलनाडु और कर्नाटक में सबसे ज्‍यादा मामले सामने आ रहे है। महाराष्ट्र में एक बार फिर लॉकडाउन की वापसी हो रही है। नागपुर और परभणी जिले में लॉकडाउन लगाया गया है। पुणे में 31 मार्च तक स्कूलों कॉलेजों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। यही नहीं होटल रेस्‍तरां को भी देर तक खोलने की मनाही है।

अमरावती, नासिक, ठाणे, औरंगाबाद समेत कई जिलों में भी स्कूल बंद है. मुंबई में मास्‍क नहीं पहनने वालों पर सख्‍ती बढ़ाई गई है। नागपुर और भुसावल डिवीजनों के कुछ स्टेशनों पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्लेटफार्म टिकट की कीमत 50 रुपये कर दी गई है। नासिक रोड, जलगांव, भुसावल, बडनेरा, मडगांव, शेगांव, अकोला, अमरावती और खांडवा स्टेशनों पर प्लेटफार्म टिकट 50 रुपये का कर दिया गया है।

महाराष्ट्र में शनिवार को 15,602 लोग कोरोना संक्रमित मिले और 7,467 मरीज ठीक हुए और 88 की मौत हो गई। राज्य में अब तक 22.97 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 21.25 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 52,811 संक्रमितों ने जान गंवाई है। अभी 1.18 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा, 'हमें सख्त लॉकडाउन लगाने के लिए मजबूर नहीं करें। इसे आखिरी चेतावनी समझें। नियमों का पालन करें।' उन्होंने कहा कि अक्टूबर में सामान्य गतिविधियों की अनुमति मिलने के बाद कई स्थानों पर भीड़ जमा होने लगी है। सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है, जिसके परिणामस्वरूप राज्य में मामले बढ़ने लगे हैं। विशेषज्ञों का भी कहना है कि लोगों की ओर से बरती जा रही लापरवाही के चलते संक्रमण के मामलों में इजाफा हुआ है।

केरल में शनिवार को 2,035 लोग कोरोना संक्रमित मिले और 3,256 मरीज ठीक हुए और 12 की मौत हो गई। राज्य में अब तक 10.89 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 10.53 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 4,382 संक्रमितों ने जान गंवाई है। 30,937 मरीजों का इलाज चल रहा है।

मध्यप्रदेश में शनिवार को 675 लोग कोरोना संक्रमित मिले और 496 मरीज ठीक हुए और 2 की मौत हो गई। राज्य में अब तक 2.67 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 2.59 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 3,885 मरीजों की मौत हो गई। 4,512 का इलाज चल रहा है। राज्य में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए रविवार या सोमवार से भोपाल और इंदौर में नाइट कर्फ्यू लगाया जा सकता है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को मीटिंग के दौरान यह बात कही।

गुजरात में शनिवार को 775 लोग कोरोना संक्रमित मिले और 579 मरीज ठीक हुए और 2 की मौत हो गई। राज्य में अब तक 2.77 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 2.68 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 4,422 मरीजों की मौत हो गई। 4,200 का इलाज चल रहा है।

राजस्थान में शनिवार को 201 लोग कोरोना संक्रमित मिले और 114 मरीज ठीक हुए। राज्य में अब तक 3.22 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 3.17 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 2,789 मरीजों की मौत हो गई। 2,329 का इलाज चल रहा है। सबसे ज्यादा मरीज उदयपुर जिले में 39 मिले हैं, जबकि दूसरे सबसे अधिक मरीज कोटा में मिले हैं। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग से जारी रिपोर्ट को देखे तो आज कोटा में 36, जयपुर 26, राजसमंद 22, जोधपुर 14, भीलवाड़ा 12 और अजमेर में 10 नये मरीज सामने आए हैं। इन जिलों के अलावा अलवर, बांसवाड़ा, बारां, चित्तौड़गढ़, हनुमानगढ़, गंगानगर, झालावाड़, करौली, नागौर, पाली, प्रतापगढ़ और सीकर में भी कोरोना के नये केस मिले हैं।

दिल्ली में शनिवार को 419 लोग कोरोना संक्रमित मिले और 302 मरीज ठीक हुए और 3 की मौत हो गई। राज्य में अब तक 6.43 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 6.30 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 10,939 मरीजों की मौत हो गई। 2,207 का इलाज चल रहा है।

- हिमाचल प्रदेश में वैक्सीन का दूसरा डोज लेने के 27 दिन बाद एक महिला डॉक्टर कोरोना पॉजिटिव पाई गई हैं। अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि डॉक्टर सोलन टाउन के रीजनल हॉस्पिटल में तैनात हैं।

- DGCA ने कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए नया सर्कुलर जारी किया है। इसमें कहा गया है कि हवाई यात्रा के दौरान गाइडलाइन का पालन नहीं करेगा, उस पर सख्त कार्रवाई होगी। चेहरे से मास्क उतारने वालों को फ्लाइट से उतारा भी जा सकता है।

अब तक वैक्सीन की 2.80 करोड़ डोज दी गई

वहीं टीकाकरण अभियान भी तेजी से चल रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि शुक्रवार शाम सात बजे तक लाभार्थियों को वैक्सीन की कुल 2.80 करोड़ डोज दी जा चुकी थी। इनमें से 18.40 लाख डोज शुक्रवार को दी गई। 2.80 करोड़ डोज में से 72.84 लाख स्वास्थ्यकर्मियों, 72.15 लाख फ्रंटलाइन वर्कर्स, 71.69 लाख वरिष्ठ नागरिकों और 45 साल से ज्यादा एवं गंभीर रोगों से ग्रस्त 12.30 लाख लोगों को वैक्सीन की पहली डोज दी गई है। स्वास्थ्यकर्मियों में से 41.76 लाख और फ्रंटलाइन वर्कर्स में से 9.28 लाख को दूसरी डोज भी दी जा चुकी है।

हम WhatsApp पर हैं। नवीनतम समाचार अपडेट पाने के लिए हमारे चैनल से जुड़ें... https://whatsapp.com/channel/0029Va4Cm0aEquiJSIeUiN2i
पढ़ें Hindi News ऑनलाइन lifeberrys हिंदी की वेबसाइट पर। जानिए देश-विदेश और अपने प्रदेश से जुड़ीNews in Hindi

Home | About | Contact | Disclaimer| Privacy Policy

| | |

Copyright © 2024 lifeberrys.com