शनिवार को चूरू के सरदारशहर में कोलाहल भरा माहौल रहा जहां एक ही पेड़ पर एक युवक और एक किशोरी ने लटक कर आत्महत्या कर ली। दोनों गांव से करीब 2 किलोमीटर दूर फंदे से लटके मिले। दोनों रात को करीब 2 बजे से घर से गायब थे। मौके पर किसी तरह का सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। पुलिस ने दोनों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। उनकी जांच की जा रही है। शनिवार सुबह-सुबह ही इसकी जानकारी पूरे गांव में फैल गई। गांव के लोगों ने पुलिस को बुलाया। पुलिस ने दोनों के शव उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। किशोरी की उम्र 15 साल थी और वह 9वीं क्लास में पढ़ती थी। वहीं, युवक की उम्र 24 साल थी, जिसकी पहचान कालूराम के रूप में हुई है। पुलिस को यह मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है। दोनों के सुसाइड की खबर परिजनों ने ही पुलिस को दी। गांव और परिवार के लोगों को दोनों के सुसाइड करने की जानकारी तड़के करीब 4:30 बजे लग गई थी। घटना की सूचना मिलने पर थाना अधिकारी और डीएसपी भी मौके पर पहुंचे। परिवार से लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि दोनों के बीच प्रेम-प्रंसग था। लेकिन शादी न होने की संभावनाओं को देखते हुए उन्होंने यह भयानक कदम उठा लिया है।