सूरज बड़जात्या की आगामी फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ का ट्रेलर 18 नवंबर को रिलीज कर दिया गया। आयुष्मान खुराना और शरवरी अभिनीत यह फिल्म शादी, परिवार और बदलती सामाजिक परंपराओं को एक अलग नजरिए से पेश करती दिखाई दे रही है। फिल्म की कहानी में प्रेम और पूर्वा शादी करना चाहते हैं, लेकिन उनके सामने एक ऐसा सवाल आता है जो आमतौर पर भारतीय परिवारों में शादी के बाद उठता है—शादी के बाद लड़की अपना घर छोड़ेगी या लड़का पत्नी के परिवार के साथ रहेगा?
ट्रेलर में आयुष्मान खुराना प्रेम मिश्रा के किरदार में हैं, जबकि शरवरी पूर्वा सोलंकी की भूमिका निभा रही हैं। कहानी में पूर्वा अपने परिवार को छोड़कर कहीं और नहीं जाना चाहती। ऐसे में प्रेम एक ऐसा प्रस्ताव रखता है जिसमें शादी के बाद वह खुद पत्नी के घर रहने के लिए तैयार हो जाता है। यह फैसला दोनों परिवारों के बीच नई परिस्थितियां और टकराव पैदा करता है।
फिल्म में अनुपम खेर प्रेम के पिता वेद मिश्रा के किरदार में नजर आएंगे। ट्रेलर की शुरुआत ही परिवारों के बीच कानूनी विवाद के संकेत से होती है। इसके बाद कहानी सोलंकी परिवार के घर पहुंचती है, जहां कई पीढ़ियों और अलग-अलग सोच वाले लोगों के बीच रिश्तों की कहानी आगे बढ़ती है। फिल्म पारंपरिक पारिवारिक मनोरंजन के साथ आधुनिक रिश्तों और शादी से जुड़ी अपेक्षाओं को भी छूती है।
सूरज बड़जात्या इससे पहले ‘मैंने प्यार किया’, ‘हम आपके हैं कौन’, ‘विवाह’ और ‘प्रेम रतन धन पायो’ जैसी फिल्मों के जरिए पारिवारिक रिश्तों को बड़े पर्दे पर पेश कर चुके हैं। ‘ये प्रेम मोल लिया’ में भी प्रेम और परिवार उनकी कहानी के केंद्र में हैं, लेकिन इस बार शादी के बाद घर बदलने की परंपरा को उलटकर दिखाया गया है।
फिल्म में सुप्रिया पाठक, सीमा पाहवा, सुमित तंदन, स्वानंद किरकिरे, श्रुति सेठ, जमीेल खान और कई अन्य कलाकार भी शामिल हैं। संगीत हिमेश रेशमिया ने तैयार किया है। फिल्म 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। ट्रेलर ने फिल्म की कहानी को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है।















