कौन है ‘हाउसफुल 5’ की ग्लैमरस ‘लाल परी’?, अक्षय संग डेब्यू कर मचा रही तहलका
बॉलीवुड की मल्टीस्टारर फिल्म हाउसफुल 5 इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर छाई हुई है। कॉमेडी और सस्पेंस से भरपूर इस फिल्म में एक नई और ग्लैमरस चेहरे की एंट्री ने सबका ध्यान खींचा है—एक्ट्रेस सौंदर्या शर्मा, जिन्होंने लाल परी के अवतार में अपने डेब्यू से सबको चौंका दिया है।
Posts by : Rajesh Bhagtani |
Updated on: Mon, 09 Jun 2025 4:47:00
हाउसफुल फ्रेंचाइज़ी की पांचवीं किस्त ‘हाउसफुल 5’ ने रिलीज के साथ ही दर्शकों के बीच खास जगह बना ली है। कॉमेडी, ग्लैमर और सस्पेंस से भरपूर इस फिल्म में जितनी चर्चा इसकी स्टारकास्ट की हो रही है, उतनी ही सुर्खियों में है एक नया चेहरा—सौंदर्या शर्मा। अक्षय कुमार जैसे दिग्गज अभिनेता संग लीड डेब्यू करना हर एक्ट्रेस का सपना होता है, और सौंदर्या ने इस सपने को ‘लाल परी’ बनकर साकार कर दिखाया है।
दिल्ली की रहने वाली सौंदर्या शर्मा शुरुआत में डॉक्टर बनना चाहती थीं, लेकिन उनकी किस्मत उन्हें अभिनय की दुनिया में ले आई। उन्होंने मेडिकल की पढ़ाई के बाद एक्टिंग की ओर रुख किया और साल 2017 में फिल्म ‘रांची डायरीज’ से फिल्मी सफर की शुरुआत की। हालांकि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर खास नहीं चली, लेकिन सौंदर्या को इंडस्ट्री में पहचान जरूर मिल गई।
इसके बाद सौंदर्या ने कई म्यूजिक वीडियो और वेब सीरीज में काम किया। रियलिटी शो ‘बिग बॉस 16’ में उनकी मौजूदगी ने उन्हें बड़े पैमाने पर दर्शकों से जोड़ा और उनकी लोकप्रियता को नए आयाम दिए। लेकिन सौंदर्या का असली ब्रेक उन्हें ‘हाउसफुल 5’ से मिला, जिसे वो खुद अपनी जिंदगी का सबसे बड़ा मोड़ मानती हैं।
इस फिल्म में उनके बोल्ड और ग्लैमरस अंदाज ने दर्शकों का दिल जीत लिया है। सोशल मीडिया पर उनकी चर्चा जोरों पर है और ‘लाल परी’ के लुक को लेकर फैन्स उन्हें लगातार सराह रहे हैं। सौंदर्या ने खुद भी एक पोस्ट में लिखा कि इस फिल्म ने उनकी जिंदगी बदल दी है।
6 जून 2025 को रिलीज हुई इस फिल्म में सौंदर्या के अलावा अक्षय कुमार, रितेश देशमुख, अभिषेक बच्चन, संजय दत्त, फरदीन खान, जैकी श्रॉफ, जैकलीन फर्नांडिज, चित्रांगदा सिंह और नरगिस फाखरी जैसे कई बड़े नाम शामिल हैं। इतनी बड़ी स्टारकास्ट के बीच सौंदर्या की मौजूदगी यह साबित करती है कि वह अब बॉलीवुड में अपनी एक मजबूत पहचान बनाने को तैयार हैं।