साउथ सुपरस्टार विजय देवरकोंडा एक बार फिर पर्दे पर अपनी दमदार वापसी करने को तैयार हैं। उनकी अगली फिल्म किंगडम अब हिंदी में 'साम्राज्य' नाम से रिलीज की जाएगी, जिसमें उनकी आवाज बने हैं रणबीर कपूर। 31 जुलाई को रिलीज होने वाली इस स्पाई एक्शन ड्रामा फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है। फिल्म को बड़े बजट और भव्य पैमाने पर तैयार किया गया है।
हिंदी में 'साम्राज्य', आवाज बनेंगे रणबीर कपूर
फिल्म ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने 19 जुलाई को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर जानकारी साझा की कि किंगडम का हिंदी वर्जन 'साम्राज्य' के नाम से रिलीज किया जाएगा। खास बात यह है कि विजय देवरकोंडा की हिंदी आवाज बॉलीवुड के सुपरस्टार रणबीर कपूर ने दी है। वहीं, तमिल वर्जन में सूर्या और तेलुगु में जूनियर एनटीआर विजय की डबिंग करेंगे।
'साम्राज्य' एक हाई-वोल्टेज स्पाई एक्शन ड्रामा फिल्म है, जिसे गौतम तिन्नौरी ने डायरेक्ट किया है। गौतम इससे पहले जर्सी जैसी संवेदनशील और सराही गई फिल्म बना चुके हैं। फिल्म में विजय के साथ सत्यदेव और भाग्यश्री बोर्से भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। इसका संगीत दिया है अनिरुद्ध रविचंदर ने, जो दक्षिण भारतीय फिल्मों में सुपरहिट म्यूजिक देने के लिए जाने जाते हैं।
फिल्म में विजय देवरकोंडा 'सूरी' नाम के किरदार में नजर आएंगे। यह किरदार एक ऐसे गुप्तचर का है जो देश के लिए अपने जीवन को दांव पर लगाता है। फिल्म में भरपूर एक्शन, इमोशन और थ्रिल देखने को मिलेगा, जो दर्शकों को अपनी सीट से हिलने नहीं देगा। रिपोर्ट्स के अनुसार, यह फिल्म ₹100 करोड़ के बजट में बनाई गई है।














