जैकी श्रॉफ के बेटे टाइगर श्रॉफ को बॉलीवुड में एक दशक हो चुका है। टाइगर ने वैसे तो अब तक के करिअर में कई प्रकार की भूमिकाओं को अंजाम दिया है, लेकिन उनकी इमेज खास तौर पर एक्शन हीरो की है। इसकी वजह उनकी बॉडी और फिटनेस को भी माना जाता है। फैंस उन्हें मारधाड़ के साथ खलनायकों की छुट्टी करते देखने के अंदाज में ज्यादा पसंद करते हैं। हाल ही उनकी फिल्म बागी 4 रिलीज हुई थी जो एक्शन से भरपूर थी। हालांकि फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर खास सफलता नहीं मिली, लेकिन टाइगर के लिए बढ़िया रिएक्शंस सामने आई थीं। इस बीच टाइगर का नाम एक नई फिल्म से जुड़ रहा है।
इस बार टाइगर बॉलीवुड नहीं बल्कि हॉलीवुड के स्टार्स के साथ बड़े पर्दे पर धमाल मचाने वाले हैं। पिंकविला की रिपोर्ट के मुताबिक टाइगर हॉलीवुड के दिग्गज स्टार सिल्वेस्टर स्टेलोन और थाईलैंड के मार्शल आर्ट्स किंग टोनी जा के साथ पैन-वर्ल्ड एक्शन फिल्म में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म को कई भाषा में रिलीज किया जाएगा। टाइगर अपने आइडल सिल्वेस्टर के साथ काम करने को बहुत रोमांचित हैं। ये एकदम यूनिक पैन-वर्ल्ड एक्शन स्पेक्टेकल होगी। यह खबर सामने आने के बाद टाइगर के फैंस काफी खुश नजर आ रहे हैं। फिल्म में कई धांसू एक्शन सीन देखने को मिलेंगे जो आपके होश उड़ा देंगे।
हालांकि अभी तक फिल्म को लेकर कोई अधिकारिक खबर सामने नहीं आई है। वैसे टाइगर का इंटरनेशनल डेब्यू पक्का माना जा रहा है। अब देखना होगा कि टाइगर हॉलीवुड में क्या धमाल मचाते हैं। दूसरी ओर, सिल्वेस्टर इससे पहले ‘कम्बख्त इश्क’ (2009) में कैमियो में दिखाई दिए थे, जिसमें अक्षय कुमार, करीना कपूर और डेनिस रिचर्ड्स भी थे। टाइगर के साथ प्रोजेक्ट उनकी भारतीय फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ी पहली कंप्लीट फीचर फिल्म हो सकती है।














