सिने जगत में एक वक्त था जब फिल्में सिर्फ सिनेमाघरों में ही देखने को मिलती थी। अपने समय में एक बार प्रदर्शित होने के बाद फिल्में कुछ समय के अन्तराल के बाद पुन: सिनेमाघरों में आती थी और दर्शक बड़े चाव से अपने चेहते सितारों को देखने के लिए पुन: सिनेमाघरों का रुख करते थे। वक्त बदला, घरों में दूरदर्शन अर्थात् टीवी ने प्रवेश किया। दर्शक सिनेमाघरों में कम होने लगे। टीवी की दुनिया ने विस्तार लिया और डीटूएच ने घरों में कब्जा कर लिया। इसके चलते सिनेमाघर खाली होने लगे।
फिर आया ओटीटी का जमाना, जिसने सिनेमाघरों में दर्शकों की संख्या को सीमित कर दिया। लेकिन अब एक बार फिर से वक्त ने करवट बदली है। सिनेमाघरों में पुरानी फिल्मों को फिर से प्रदर्शित किया जा रहा है और दर्शक इन फिल्मों को देखने के लिए सिनेमाघरों में आ रहे हैं। इनकी सफलता ने निर्माताओं में उत्साह पैदा कर दिया है और अब हर सप्ताह कई पुरानी फिल्में सिनेमाघरों में आ रही है।
मार्च के दूसरे सप्ताह अर्थात् 7 मार्च से 14 मार्च के मध्य भी कई फिल्मों का पुन: प्रदर्शन होने जा रहा है। इन फिल्मों में कुछ ऐसी हैं जो कल्ट क्लासिक का दर्जा पा चुकी हैं, चाहे वे अपने पहले प्रदर्शन में असफल साबित हुई लेकिन अब दर्शक इनको देखना चाहते हैं।
आइए डालते हैं एक नजर री रिलीज होने वाली उन फिल्मों पर जो होली के अवसर पर दर्शकों को अपने रंगों से रंगने जा रही हैं।
लुटेरा
7 मार्च को रणवीर सिंह और सोनाक्षी सिन्हा स्टारर फिल्म 'लुटेरा' दोबारा रिलीज हो रही है। 2013 में ओरिजिनली आई इस रोमांटिक ड्रामा फिल्म को ऑडियंस का अच्छा रिस्पॉन्स नहीं मिला था। ये कमर्शियल फ्लॉप साबित हुई। हालांकि वक्त के साथ इसे सिनेमैटिक मास्टरपीस का दर्जा मिला। अब फिल्म के फैंस इसे बड़े पर्दे पर देखने के लिए उत्साहित हैं।
नमस्ते लंदन
अक्षय कुमार और कटरीना कैफ की जोड़ी को फिल्मों में दोबारा देखने के लिए फैंस लंबे वक्त से तरस रहे हैं। दोनों को फिल्म 'सूर्यवंशी' में देखा गया था, लेकिन उस फिल्म में 'नमस्ते लंदन' जैसी बात नहीं थी। अब 14 मार्च को 'नमस्ते लंदन' सिनेमाघरों में वापसी कर रही है। 2007 की इस फिल्म में अक्षय और कटरीना की केमिस्ट्री यादगार रही थी। अब 25 सालों के बाद आप दोबारा डायरेक्टर विपुल अमृतलाल शाह की फिल्म में दोनों को साथ देख पाएंगे।
फैशन
कंगना रनौत और प्रियंका चोपड़ा स्टारर मॉडल्स की लाइफ और स्ट्रगल पर बनी फिल्म 'फैशन' भी थिएटर्स में वापसी कर रही है। साल 2008 में आई इस फिल्म को काफी पसंद किया था। फिल्म में अपने काम के लिए कंगना रनौत को खूब सराहना मिली थी। उम्मीद जताई जा सकती है कि बॉक्स ऑफिस पर लंबे वक्त से सूखा झेल रहीं कंगना को फैशन के री-रिलीज होने पर सफलता का स्वाद एक बार फिर चखने का मौका मिलेगा। डायरेक्टर मधुर भंडारकर की ये फिल्म महिला दिवस के मौके पर महिलाओं को सलाम करने के लिए 7 से 13 मार्च के बीच रिलीज होने वाली है।
क्वीन
कंगना रनौत की एक और हिट फिल्म 'क्वीन' सिनेमाघरों में वापसी कर रही है। इस फिल्म में रानी का रोल निभाकर एक्ट्रेस ने ऑडियंस का दिल जीत लिया था। डायरेक्टर विकास बहल की ये फिल्म भी महिला दिवस के मौके पर रिलीज होगी।
शादी में जरूर आना
राजकुमार राव और कृति खरबंदा की फिल्म 'शादी में जरूर आना', 7 मार्च 2025 को सिनेमाघरों में फिर से रिलीज हो रहा है। ये मेकर्स की ओर से राजकुमार राव के फिल्म इंडस्ट्री में 15 साल पूरे करने का जश्न है। रत्ना सिन्हा के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म का 'मेरा इंतकाम देखेगी' गाना आज भी पॉपुलर है।
हाईवे
आलिया भट्ट और रणदीप हुड्डा की फिल्म 'हाईवे' भी महिला दिवस की खुशी में रिलीज हो रही है। डायरेक्टर इम्तियाज अली की इस फिल्म की खास जगह दर्शकों के दिलों में है। ऐसे में इसे सिनेमाघरों में दोबारा देखने को लेकर फैंस के बीच काफी खुशी और उत्साह है।
फिल्म मेकर्स को हो रहा फायदा
ज्ञातव्य है कि अब इस फेहरिस्त में सलमान खान की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'बजरंगी भाईजान' और अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी परेश रावल की कल्ट क्लासिक कॉमेडी फिल्म हेरा फेरी' जैसी फिल्मों को थिएटर्स में री-रिलीज करवाने की कोशिशें अभी चल रही हैं। वहीं अभी तक 'सनम तेरी कसम', 'रहना है तेरे दिल में', 'लैला मजनू', 'पद्मावत', 'करण अर्जुन', ये जवानी है दीवानी', 'बरेली की बर्फी', 'रॉकस्टार' और 'तुम्बाड़' जैसी फिल्में सिनेमाघरों में दोबारा दस्तक दे चुकी हैं। इन सभी को जबरदस्त रिस्पॉन्स ऑडियंस से मिला था।
'सनम तेरी कसम', साल 2016 में ओरिजिनली रिलीज होकर फ्लॉप साबित हुई थी, जबकि इसने री-रिलीज के बाद 55 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। ये अभी तक री-रिलीज हुई फिल्मों में सबसे ज्यादा है। इसी तरह 'तुम्बाड़' ने दुनियाभर में 38 करोड़ रुपये का बिजनेस किया। 'लैला मजनू' ने लगभग 10 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया था। वहीं 'ये जवानी है दीवानी' ने 21 करोड़ रुपये की कमाई री-रिलीज के बाद की थी।














