लंबे इंतजार के बाद आखिरकार 'द फैमिली मैन' के तीसरे सीजन का एलान कर दिया गया है। इस पॉपुलर वेब सीरीज में एक बार फिर मनोज बाजपेयी श्रीकांत तिवारी की भूमिका में नजर आएंगे। मेकर्स राज और डीके ने मंगलवार को 'द फैमिली मैन सीजन 3' का फर्स्ट लुक पोस्टर रिलीज करते हुए इसकी आधिकारिक घोषणा की। पोस्टर में मनोज बाजपेयी बेहद गंभीर लुक में दिखाई दे रहे हैं और उनके चारों ओर हथियारबंद साए नजर आ रहे हैं, जो यह संकेत देता है कि इस बार चुनौती और भी बड़ी होने वाली है।
फिर से लौटेगा श्रीकांत तिवारी का अंदाज़
सीरीज के पहले और दूसरे सीजन में मनोज बाजपेयी ने एक मिडिल क्लास फैमिली मैन और गुप्त एजेंसी के एजेंट श्रीकांत तिवारी के रूप में जबरदस्त अभिनय किया था, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया। अब तीसरे सीजन की वापसी की खबर से फैंस में जबरदस्त उत्साह है। अमेजन प्राइम वीडियो ने भी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा, “हमारे फैमिली मैन पर सबकी नजर है... द फैमिली मैन सीजन 3 जल्द ही आ रहा है।”
सामंथा ने भी दिखाई खुशी
इस एलान पर ‘सीजन 2’ में राजी का किरदार निभा चुकीं एक्ट्रेस सामंथा रूथ प्रभु ने भी अपनी खुशी जाहिर की है। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, “द फैमिली मैन इज कमिंग सून”। हालांकि यह अब तक साफ नहीं है कि सामंथा तीसरे सीजन में वापसी करेंगी या नहीं।














