भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे सफल कप्तानों में शुमार महेंद्र सिंह धोनी अब मैदान से बाहर भी अपने फैंस को चौंकाने के लिए तैयार हैं। क्रिकेट में 'कैप्टन कूल' के नाम से मशहूर धोनी इस बार बैट और बॉल के बजाय बंदूक और एक्शन मोड में नजर आए हैं। वजह है निर्देशक वासन बाला का आगामी प्रोजेक्ट 'द चेज', जिसका टीजर सोशल मीडिया पर आते ही धूम मचा रहा है।
7 सितंबर को अभिनेता आर. माधवन ने इस टीजर को साझा किया। टीजर में धोनी और माधवन दोनों टास्क फोर्स ऑफिसर की भूमिका निभाते दिखाई दे रहे हैं। धोनी को एक शांत और समझदार हेड ऑफिसर के रूप में दिखाया गया है, जबकि माधवन रोमांटिक टच के साथ एक्शन हीरो के रूप में नजर आते हैं। दोनों मिलकर एक बड़े मिशन पर निकलते हैं और उनके किरदार धमाकेदार एक्शन सीक्वेंस में डूबे नजर आते हैं।
माधवन ने टीजर पोस्ट करते हुए कैप्शन लिखा – "एक मिशन, दो योद्धा, सीट बेल्ट बांध लें, एक जंगली और विस्फोटक चेज शुरू हो रहा है।" इसके बाद से सोशल मीडिया पर फैंस में उत्सुकता और रोमांच का माहौल है।














