सलमान खान की फिल्म 'किसी का भाई किसी की जान' 21 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। फिल्म ने पहले दिन उम्मीद से कम कमाई की लेकिन अगले दिन से ही फिल्म की कमाई में बढ़ोतरी देखने को मिली। फिल्म ने तीन दिनों में बॉक्स ऑफिस पर 50 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है। सलमान खान अपनी फिल्म 'किसी का भाई किसी की जान' के कलेक्शन से काफी ज्यादा खुश हैं। उन्होंने अपनी फिल्म की अच्छी कमाई होने पर फैंस का शुक्रिया अदा किया है।
सलमान खान ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से अपनी एक तस्वीर शेयर की है और फिल्म 'किसी का भाई किसी की जान' को प्यार देने के लिए फैंस को शुक्रिया अदा किया है। तस्वीर में आप देख सकते है कि सलमान खान ब्लैक शर्ट पहनकर कैमरे की तरफ देखते हुए डैशिंग लुक दे रहे हैं। सलमान खान ने अपनी इस तस्वीर के साथ कैप्शन लिखा है, 'आप सभी के प्यार और सपोर्ट के लिए धन्यवाद। हम इसकी सराहना करते हैं।' इसके साथ सलमान खान ने हैशटैग के साथ किसी का भाई किसी जान लिखा है।














