बॉलीवुड की टैलेंटेड और बेबाक अदाकारा तापसी पन्नू सिर्फ अपनी दमदार फिल्मों के लिए ही नहीं, बल्कि अपने सामाजिक योगदान के लिए भी जानी जाती हैं। पिंक, थप्पड़, नाम शबाना, मुल्क, मिशन मंगल, हसीन दिलरुबा और डंकी जैसी फिल्मों से दर्शकों के दिल में जगह बनाने वाली तापसी समय-समय पर समाज के लिए भी प्रेरणादायक पहल करती रही हैं। कुछ समय पहले उन्होंने नन्ही फाउंडेशन के नन्ही कली प्रोजेक्ट के तहत 100 बच्चियों को गोद लिया था।
नन्ही कली प्रोजेक्ट में मिली अनोखा सरप्राइज
हाल ही में तापसी अपने पति, पूर्व डेनिश बैडमिंटन खिलाड़ी मैथियास बो के साथ नन्ही फाउंडेशन के कार्यक्रम में पहुंचीं। यहां उनके स्वागत के साथ एक बेहद खास पल भी सामने आया — शादी के डेढ़ साल बाद उनकी गोदभराई की रस्म निभाई गई। इस भावुक पल का वीडियो तापसी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किया, जिसने फैंस का दिल जीत लिया।
शादी के बाद पहली मुलाकात, बनी यादगार
मार्च 2024 में उदयपुर में गुपचुप तरीके से हुई शादी के बाद यह पहला मौका था जब तापसी और मैथियास ने नन्ही कली प्रोजेक्ट की लड़कियों और उनके परिवार से मुलाकात की। वीडियो में दोनों साथ बैठे नजर आ रहे हैं, चारों ओर प्रोजेक्ट से जुड़ी महिलाएं और बच्चियां हैं। किसी ने उन्हें गेंदे के फूलों की माला पहनाई, तो कोई फल, मिठाइयां और उपहार लेकर तापसी की गोद में रखता दिखा। इस दौरान तापसी ने सिर पर दुपट्टा ओढ़ रखा था, मानो किसी पारंपरिक रस्म में शामिल हो रही हों।














