अभिनेत्री स्वरा भास्कर (36) अपने बिंदास अंदाज के लिए जानी जाती हैं। वह किसी भी मुद्दे पर बेबाक बयान देती हैं। ऐसे में कई दफा उन्हें सोशल मीडिया पर आलोचना का सामना भी करना पड़ता है। बहरहाल स्वरा का X (ट्विटर) अकाउंट स्थायी रूप से सस्पेंड कर दिया गया है। इसके बाद स्वरा ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर कर निराशा जाहिर की। स्वरा ने बताया कि गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देने के बाद उनके दो ट्वीट को कॉपीराइट उल्लंघन के रूप में चिह्नित किया गया, जिसके कारण उनका अकाउंट ब्लॉक हो गया।
स्वरा ने इंस्टाग्राम पर X की ओर से मिले नोटिस के स्क्रीनशॉट शेयर किए और लिखा, “डियर X, दो ट्वीट की दो फोटो को 'कॉपीराइट उल्लंघन' बताया गया है। जिस आधार पर मेरा X अकाउंट ब्लॉक किया गया है, मैं उस तक पहुंच नहीं सकती। मैंने वो दो फोटो यहां शेयर की हैं। पहला ट्वीट एक नारंगी बैकग्राउंड पर हिंदी देवनागरी लिपि में लिखा एक नारा था कि गांधी हम शर्मिंदा हैं, तेरे कातिल जिंदा हैं। यह नारा भारत में प्रगतिशील आंदोलन का एक लोकप्रिय स्लोगन है और इसका किसी कॉपीराइट से कोई लेना-देना नहीं है। यह एक मुहावरे जैसा है और इस पर कॉपीराइट उल्लंघन का दावा हास्यास्पद है।
दूसरा ट्वीट मेरी बेटी राबिया की तस्वीर से जुड़ा था। इसमें राबिया भारतीय ध्वज लहरा रही थी और उस पर लिखा था, “हैप्पी रिपब्लिक डे इंडिया।” बेटी की तस्वीर पर कॉपीराइट कैसे लागू हो सकता है। मेरे बच्चे की समानता पर किसका कॉपीराइट है? यह शिकायतें तर्कहीन और हास्यास्पद हैं। मेरा X अकाउंट अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला करने के लिए सस्पेंड किया गया है। अगर मेरे ट्वीट्स को रिपोर्ट किया गया है, तो यह स्पष्ट रूप से मेरे विचारों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को दबाने का प्रयास है। कृपया इसे देखें और अपने फैसले को बदलें। शुक्रिया, स्वरा भास्कर।”














