आज रविवार (11 मई) को दुनियाभर में मदर्स डे मनाया जा रहा है। आम हो या खास सब के सब सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी मां पर प्यार बरसाने के साथ भावनाएं व्यक्त करते नजर आ रहे हैं। इस मौके पर दिग्गज एक्टर सनी देओल ने भी मां प्रकाश कौर के लिए एक पोस्ट शेयर की है। इसमें उन्होंने फैंस के लिए ढेर सारी अनदेखी तस्वीरें साझा की हैं। इनमें सनी को मां पर प्यार लुटाते हुए देखा जा सकता है।
पोस्ट के साथ सनी ने कैप्शन में लिखा, “उस महिला के लिए जिसने मुझे बिना कुछ मांगे सबकुछ दिया-आपका प्यार ही मेरा सबसे बड़ा तोहफा है। मदर्स डे की शुभकामनाएं, मां।” इस पोस्ट को देख फैंस भी भावुक हुए जा रहे हैं और वे हार्ट इमोजी शेयर कर रहे हैं। सनी अपनी मां के बेहद करीब हैं। प्रकाश कौर सुपरस्टार धर्मेंद्र की पहली पत्नी हैं। उनके चार बच्चे सनी, बॉबी, अजिता और विजेता देओल हैं।
धर्मेंद्र की दूसरी पत्नी एक्ट्रेस हेमा मालिनी हैं, जिनकी दो बेटियां ईशा और अहाना देओल हैं। सनी के वर्कफ्रंट की बात करें तो कुछ समय पहले उनकी एक्शन पैक्ड फिल्म ‘जाट’ रिलीज हुई थी। फिल्म ने औसत बिजनेस किया। सनी फिलहाल 'बॉर्डर 2' की शूटिंग में बिजी हैं। इसमें सनी के साथ वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी भी हैं। अनुराग सिंह के डायरेक्शन में इस फिल्म का निर्माण भूषण कुमार और निधि दत्ता कर रहे हैं, जबकि शिव चानना और बिनॉय गांधी सह-निर्माता हैं। यह साल 1997 की 'बॉर्डर’ की सीक्वल है। 'बॉर्डर 2' अगले साल गणतंत्र दिवस से पहले 23 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।














