एक्टर सुनील शेट्टी को बॉलीवुड में तीन दशक से ज्यादा हो गए हैं। वे 64 साल के हो चुके हैं और आज भी उनकी फिटनेस देखते ही बनती है। सुनील की अच्छी-खासी फैन फॉलोइंग है। सुनील के बेटे अहान शेट्टी (29) ने भी अपने पिता के पदचिह्नों पर चलते हुए एक्टिंग को ही करिअर बनाया है। अहान ने कोरोनाकाल के दौरान साल 2021 में आई फिल्म ‘तड़प’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ज्यादा नहीं चली, जिससे अहान का करिअर रफ्तार नहीं पकड़ पाया। हालांकि फिलहाल अहान के एक बड़े बजट और बैनर की फिल्म हाथ लगी है।
वे ‘बॉर्डर 2’ की शूटिंग में बिजी है। इसमें सनी देओल, दिलजीत दोसांझ और वरुण धवन जैसे स्टार भी हैं। फिल्म 26 जनवरी 2026 को रिलीज होगी और माना जा रहा है कि अहान के लिए यह मूवी टर्निंग पॉइंट साबित हो सकती है। इस बीच अहान ने लाइफस्टाइल एशिया इंडिया को दिए इंटरव्यू में नेपोटिज्म (भाई-भतीजावाद) पर खुलकर बात की। लोग कहते हैं कि पिता के पहले से फिल्म इंडस्ट्री में स्थापित होने की वजह से ही अहान को मौका मिला। अहान ने माना कि सुनील शेट्टी के बेटा होने के फायदे हैं तो प्रेशर भी बहुत है।
अहान ने कहा कि मैं इस बात से कभी इनकार नहीं करूंगा कि एक तरफ अगर मुझे अपने पिता सुनील शेट्टी का बेटा होने की वजह से इंडस्ट्री में बहुत रोल मिले हैं, तो दूसरी तरफ बहुत प्रेशर भी बना है। बेटे से लोगों को और ज्यादा उम्मीदें होती हैं। इन दोनों चीजों का फायदा उठाकर मैं और अधिक मेहनत करने को कोशिश करता हूं ताकि यह साबित कर सकूं कि मैं यहां इस मुकाम पर सिर्फ अपने सरनेम के कारण नहीं हूं। कभी-कभी बहुत प्रेशर महसूस होता है क्योंकि लोग मेरे पिता के नाम का बहुत रिस्पेक्ट करते हैं। पर मैं इसे प्रेशर नहीं समझता।
मैंने उस प्रेशर को छोड़ना और उसे गाइडेंस के रूप में लेना सीख लिया है। पापा के पास्ट में बहुत सारी चीजें ऐसी हैं, जिनसे मैं बहुत कुछ सीख सकता हूं, न कि ऐसा है जिस से मुझे प्रेशर फील हो। इस बीच अहान की नई फिल्म की घोषणा हो गई है। यह एक हॉरर फिल्म होगी। इसकी कहानी फेमस फिल्ममेकर पैट्रिक ग्राहम लिखेंगे। फिल्म का नाम अभी फाइनल नहीं हुआ है। इसकी लीड एक्ट्रेस की भी तलाश जारी है। इसकी कहानी अलग होगी, क्योंकि इसके जरिए पैट्रिक हिंदी फिल्मों में वापसी कर रहे हैं। इससे पहले पैट्रिक ने ‘घोल’ और ‘बेताल’ जैसी हॉरर सीरीज बनाई थीं। इन्हें नेटफ्लिक्स पर रिलीज किया गया था।














