साउथ इंडियन एक्ट्रेस श्रीलीला (23) जल्द ही अपना बॉलीवुड डेब्यू करने जा रही हैं। अब हाल ही में उन्होंने इंस्टाग्राम में एक पोस्ट शेयर की है, जिसके इंटरनेट पर हलचल मचा दी है। पोस्ट में एक बच्ची दिख रही है। कैप्शन में श्रीलीला ने लिखा, “घर में नए मेहमान का आगमन, हमारे दिलों में अब इनकी एंट्री हो गई है।” पहली तस्वीर में वह बच्ची के गाल को प्यार से चूमते हुए दिखाई दे रही हैं जबकि दूसरी तस्वीर में दोनों की मुस्कानें एकदम सच्ची और अनफिल्टर्ड खुशी बयां कर रही है। श्रीलीला ने इन तस्वीरों के बैकग्राउंड में संगीतकार ए.आर. रहमान की ‘रोजा’ फिल्म के गाने 'छोटी सी आशा' को एड किया है।
कयास लगाए जा रहे हैं कि श्रीलीला ने बच्ची को गोद लिया है। उल्लेखनीय है कि श्रीलीला एक डॉक्टर भी हैं। उन्होंने MBBS की पढ़ाई की है। साल 2022 में उन्होंने दो डिसेबल्ड बच्चों को गोद लिया था। इनका नाम श्रीलीला ने गुरु और शोभिता रखा है। इन दोनों ही बच्चों की देखभाल खुद श्रीलीला करती हैं। वह इन्हें एक मां की जैसे पाल-पोस रही हैं। श्रीलीला के वर्कफ्रंट पर नजर डालें तो वह जल्द ही कार्तिक आर्यन के साथ एक फिल्म में नजर आने वाली हैं। इस फिल्म का टाइटल ‘आशिकी 3’ बताया जा रहा है, लेकिन अभी तक इसकी कोई ऑफिशियल अनाउंसमेंट नहीं हुई है।
श्रीलीला इसी फिल्म से हिंदी सिनेमा जगत में प्रवेश कर रही हैं। पिछले कुछ समय से श्रीलीला और कार्तिक के अफेयर को लेकर भी चर्चाएं चल रही हैं। दोनों को शूटिंग के अलावा और भी कई मौकों पर साथ में स्पॉट किया गया है। कुछ समय पहले कार्तिक की मां ने कहा था कि वह चाहती हैं कि उनकी बहू डॉक्टर हो। ऐसे में लगातार अटकलें लग रही हैं कि कार्तिक और श्रीलीला की दोस्ती रिश्ते में बदल सकती है। हालांकि अभी तक दोनों की ओर से ही इस बारे में कुछ भी नहीं कहा गया है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो पिछले साल अल्लू अर्जुन व रश्मिका मंदाना की ‘पुष्पा 2’ में आइटम नंबर करने के लिए श्रीलीला को करीब 2 करोड़ रुपए मिले थे।














