एक्ट्रेस हुमा कुरैशी की कोई फिल्म आ रही हो या ना आ रही हो, वह सुर्खियों में बनी रहती हैं। काम के अलावा और बातों के चलते भी वह लाइमलाइट में आ जाती हैं। फिलहाल हुमा अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चाओं में हैं। हुमा को लेकर अफवाह उड़ रही है कि एक्ट्रेस ने अपने लॉन्ग टाइम बॉयफ्रेंड से सगाई कर ली है। हुमा के बॉयफ्रेंड की बात करें तो उनका नाम रचित सिंह हैं, जो एक एक्टिंग कोच हैं। रचित ने अपने एक्टिंग करिअर की शुरुआत ‘कर्मा कॉलिंग’ से की थी। पिछले कुछ समय से हुमा और रचित को लेकर बातें चल रही हैं।
सिंगर अकासा सिंह ने इंस्टाग्राम पर हुमा और रचित के साथ एक कैंडिड फोटो शेयर की है, जिसमें कैप्शन लिखा, “हुमा, तुम्हारे स्वर्ग के छोटे से टुकड़े को बेस्ट नेम देने पर कंग्रेट्स! क्या नाइट थी!” यह पोस्ट बड़ा संकेत दे रही है। इसके अलावा पिछले साल दोनों को शाहरुख खान और उनकी पत्नी गौरी खान द्वारा हॉलीवुड सिंगर एड शीरन के लिए आयोजित एक पार्टी में देखा गया था। इस दौरान दोनों एक-दूसरे के साथ बेहद खुश थे। उनका रिश्ता पहली बार तब हाइलाइट हुआ, जब सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल की शादी में दोनों मैचिंग पिंक आउटफिट्स में नजर आए।
हाल ही में दोनों को एक बर्थडे पार्टी में स्पॉट किया गया और उनके रिश्ते को लेकर चल रही अफवाहों को फिर से हवा मिल गई। उन्हें लेकर सोशल मीडिया पर लगातार अटकलें लगाई जा रही हैं और फैंस कई तरह के अनुमान लगा रहे हैं। अब कहा जा रहा है कि रूमर्ड कपल ने सीक्रेट सगाई कर ली है। हालांकि इस बारे में अभी तक ना तो रचित और ना ही हुमा ने कोई रिएक्शन दी है, लेकिन फैंस को खुशी मनाने का मौका मिल गया है।
अब हर किसी को कपल की ओर से आने वाले ऑफिशियल बयान का इंतजार है। हुमा के वर्कफ्रंट पर नजर डालें तो उनकी फिल्म ‘बयान’ का टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल 2025 में ग्रैंड प्रीमियर हुआ है। फिल्म उनकी बतौर एक्टर और एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर डेब्यू है। इसको लेकर हुमा बेहद खुश हैं और अभी उनकी प्रोफेशनल लाइफ में भी रंग भरे हुए हैं।














