टीवी एक्टर और बिग बॉस 13 के विनर सिद्धार्थ शुक्ला का निधन 2 सितंबर को हो गया था। उनका अंतिम संस्कार 3 सितंबर की शाम को मुंबई के ओशिवारा श्मशान घाट में ब्रह्माकुमारी समाज के रीति-रिवाजों से किया गया था। एक्टर का 40 साल की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से निधन हुआ था। सिद्धार्थ के निधन से उनके फैंस, फ्रेंड्स, फैमिली मेंबर्स, टीवी और फिल्म इंडस्ट्री के सेलेब्स समेत हर कोई सदमे में है। अब सिद्धार्थ शुक्ला की याद में आज (6 सितंबर) उनकी मां रीता शुक्ला और बहन नीतू और प्रीति ने एक स्पेशल प्रेयर मीट (विशेष प्रार्थना सभा) का आयोजन किया है। इस बात की जानकारी एक्टर करणवीर बोहरा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर दी है। सिद्धार्थ शुक्ला के लिए करोड़ों फैंस के प्यार और कोरोना महामारी को देखते हुए उनकी फैमिली ने यह प्रेयर मीट ऑनलाइन रखने का फैसला किया है। इस स्पेशल प्रेयर सेशन का आयोजन ब्रह्माकुमारी की योगिनी दीदी की मौजूदगी में करवाया जाएगा। दिवंगत एक्टर की आत्मा को सिस्टर शिवानी और ब्रह्माकुमारियों द्वारा आशीर्वाद भी दिया जाएगा।














