एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी भले ही इन दिनों कम फिल्मों में नजर आती हैं, लेकिन इसके बावजूद वह हमेशा लाइमलाइट में रहती हैं। वह कभी टीवी शो में जज के रूप में दिखती हैं तो कभी उनकी निजी जिंदगी खबरों में रहती है। शिल्पा सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव हैं। वह इस पर खुद से जुड़ी जानकारी फैंस के लिए शेयर करती रहती हैं। बता दें 27 अगस्त को गणेश चतुर्थी है और शिल्पा व उनका परिवार हर साल इसे बड़े धूमधाम से मनाता है। उनके घर में गणपति बप्पा की स्थापना और भव्य उत्सव की तस्वीरें खूब वायरल होती हैं लेकिन इस साल शिल्पा के घर यह रौनक नहीं दिखेगी।
शिल्पा ने खुद यह जानकारी दी और बताया कि उनके परिवार में हाल ही में एक दुखद घटना हुई है, जिसके कारण वे इस बार उत्सव नहीं मना रहे हैं। शिल्पा ने अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, “भारी मन से हम इस साल गणपति उत्सव नहीं मनाएंगे। परिवार में शोक के कारण हम 13 दिनों तक शोक अवधि का पालन करेंगे।” नोट के आखिर में "कुंद्रा परिवार" लिखा है जो उनके परिवार में किसी की मृत्यु का सीधा इशारा देता है। हालांकि शिल्पा ने इस दुखद घटना के बारे में कोई और जानकारी शेयर नहीं की और न ही बताया कि यह शोक किसके निधन से जुड़ा है।
प्रशंसक और शुभचिंतक उनके लिए प्रार्थना कर रहे हैं कि वे इस दुख की घड़ी से जल्द उबर सकें। शिल्पा और उनके पति राज कुंद्रा हर साल गणेश चतुर्थी को खास अंदाज में मनाते हैं। उनके घर में गणपति की मूर्ति की स्थापना होती है और कई बॉलीवुड सितारे उनके घर दर्शन के लिए आते हैं। शिल्पा की गणपति के प्रति आस्था और उत्सव की तस्वीरें उनके प्रशंसकों को खूब पसंद आती हैं। साल 2002 से हर साल शिल्पा और उनका परिवार अपने घर विघ्नहर्ता का स्वागत बेहद खुशी और उल्लास के साथ करते हैं। केवल शिल्पा ही नहीं, बल्कि विवेक ओबेरॉय, गोविंदा, श्रद्धा कपूर, सोनू सूद, ईशा कोप्पिकर और सलमान खान सहित कई अन्य सितारे भी ढोल-ताशों के साथ गणपति बप्पा को अपने घर लाते हैं। गणेश चतुर्थी के दौरान इन सेलेब्स के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते हैं।














