बॉलीवुड के टैलेंटेड अभिनेता शाहिद कपूर एक बार फिर बड़े पर्दे पर तहलका मचाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। करीब एक साल के अंतराल के बाद शाहिद अपनी नई रोमांटिक फिल्म ‘ओ रोमियो’ के जरिए सिनेमाघरों में वापसी कर रहे हैं। फिल्म का पहला पोस्टर सामने आ चुका है, जिसमें शाहिद का बिल्कुल अलग और रौद्र रूप देखने को मिल रहा है। इसके साथ ही मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट से भी पर्दा उठा दिया है। ‘ओ रोमियो’ वैलेंटाइन वीक 2026 में दर्शकों के दिलों पर दस्तक देने वाली है।
फर्स्ट लुक पोस्टर ने मचाई हलचल
‘ओ रोमियो’ के पहले पोस्टर में शाहिद कपूर का अवतार चौंकाने वाला है। तीखी नजरें, चेहरे पर खून के निशान और आक्रामक भाव उनके किरदार की हिंसक और जुनूनी झलक पेश करते हैं। पोस्टर में शाहिद का चेहरा गुस्से से भरा नजर आता है, जो साफ इशारा करता है कि फिल्म सिर्फ रोमांस तक सीमित नहीं रहने वाली। खास बात यह भी है कि इस पोस्टर में शाहिद की पूरी बॉडी पर टैटू नजर आ रहे हैं, जो उनके किरदार को और भी रहस्यमय बनाते हैं।














