सामंथा रुथ प्रभु साउथ इंडस्ट्री की टॉप एक्ट्रेस में शुमार की जाती हैं। उनकी जबरदस्त फैन फॉलोइंग है। उन्हें चाहने वाले उनकी एक झलक पाने के लिए बेकरार रहते हैं और उन पर भरपूर प्यार लुटाते हैं। वह सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव हैं और अक्सर पर्सनल लाइफ की तस्वीरें और वीडियो शेयर करती हैं। सोमवार (20 अक्टूबर) को उन्होंने दिवाली के मौके पर एक ऐसी पोस्ट साझा की, जिसने इंटरनेट पर धूम मचा दी। सामंथा ने फैंस को दिवाली की बधाई देते हुए अपने जश्न की एक झलक दिखाई। इसमें जिस चीज ने सबसे ज्यादा ध्यान खींचा, वह है उनके कथित बॉयफ्रेंड फिल्ममेकर राज निदिमोरू के साथ उनकी फोटो।
सामंथा ने इंस्टाग्राम पर यूं तो कई तस्वीरें शेयर कीं, लेकिन एक तस्वीर में वह निदिमोरू के साथ इस मौके को सेलिब्रेट करती दिखीं। सामंथा को निदिमोरू के साथ पोज देते हुए देखा जा सकता है। निदिमोरू इस फोटो में ब्लू कुर्ते में नजर आ रहे हैं। इन दोनों के अलावा इस तस्वीर में परिवार भी नजर आ रहा है। हर किसी के चेहरे पर स्माइल देखी जा सकती है। अन्य तस्वीरों में सामंथा सिंपल से ग्रीन सूट में अपनी सादगी फ्लॉन्ट कर रही हैं। सामंथा ने घर को फूलों और मोमबत्तियों से डेकोरेट किया हुआ है। एक्ट्रेस को पटाखे जलाते हुए भी देखा जा सकता है। सामंथा ने इनके कैप्शन में लिखा, “कृतज्ञता से भरी।”
सामंथा को खुश देखकर उनके फैंस भी खुश हो गए। तलाक के बाद सामंथा डिप्रेस्ड नजर आने लगी थीं। ऐसे में जब वो दोबारा मुस्कुराती हुई और जिंदगी खुलकर जीती हुई दिखाई दे रही हैं, तो उनके फैंस को भी सुकून मिला। अब सभी उस दिन का इंतजार कर रहे हैं, जब एक्ट्रेस अपने इस रिश्ते को ऑफिशियल करेंगी और फिर दुल्हन बनेंगी। लंबे समय से कहा जा रहा है कि सामंथा, निदिमोरू को डेट कर रही हैं। सामंथा अक्सर उनके साथ प्यारी तस्वीरें शेयर करती हैं। हालांकि दोनों ने अभी तक अपने रिश्ते को लेकर कोई बयान नहीं दिया है।
बता दें निदिमोरू की शादी श्यामाली डे से हुई थी। दोनों का साल 2022 में तलाक हो गया। दूसरी ओर, सामंथा की शादी एक्टर नागा चैतन्य के साथ हुई थी। दोनों ने साल 2015 में डेटिंग शुरू की और 6 अक्टूबर 2017 को गोवा में क्रिश्चियन रीति-रिवाज से और उसके अगले दिन हिंदू रीति-रिवाज से विवाह बंधन में बंध गए। हालांकि उनकी शादी करीब 4 साल ही चल पाई। उन्होंने अक्टूबर 2021 में अपने अलग होने का ऐलान किया।














