बॉलीवुड की दिग्गज अदाकाराएं सायरा बानो और हेमा मालिनी न सिर्फ इंडस्ट्री की दो बड़ी हस्तियां हैं बल्कि बहुत अच्छी दोस्त भी हैं। फिल्मों और अपने व्यस्त प्रोफेशनल शेड्यूल के कारण दोनों को एक-दूसरे से मिलने का मौका कम ही मिलता है। लेकिन जब भी मुलाकात होती है, तो यह पल उनके लिए बेहद खास बन जाता है।
इसी बीच सायरा बानो ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर हेमा मालिनी संग कुछ खूबसूरत तस्वीरें साझा की हैं। इन तस्वीरों में दोनों दिग्गज अभिनेत्रियां कैमरे के सामने पोज देती नजर आ रही हैं। सायरा बानो ने इस पोस्ट के साथ एक लंबा नोट भी लिखा, जिसमें उन्होंने बताया कि उनकी और हेमा की बातचीत के दौरान कई ऐसे पुराने किस्से याद आए, जिन्हें वे कभी भूल नहीं सकतीं।
80 वर्षीय अदाकारा ने अपने पोस्ट में लिखा कि वे दोनों लंबे समय से मिलने की सोच रही थीं, लेकिन व्यस्तताओं की वजह से यह संभव नहीं हो पा रहा था। आखिरकार जब यह मुलाकात हुई तो यह बेहद यादगार साबित हुई। सायरा ने कहा कि उन्होंने और हेमा ने पुराने दिनों को याद किया और उन सुनहरे पलों को दोबारा जीने की कोशिश की।














