कोरोना की दूसरी लहर में जिस तरह से आए दिन किसी न किसी बड़े सेलिब्रिटी के निधन की खबर आ रही है उसी क्रम में किसी ने हाल ही कोरोना को मात देकर वापस घर लौंटी एक्ट्रेस तबस्सुम के निधन की अफवाह भी उड़ा दी। तबस्सुम के निधन की खबर सुनकर उनके चाहने वाले शोक में डूब गए। उनके फैंस और शुभचिंतकों ने उनके घरवालों को फोन कर शोक जताना शुरू कर दिया। फैंस के इतने फोन गए परेशान होकर उन्हें अपने फोन तक बंद करने पड़ गए।
दरअसल, एक्ट्रेस तबस्सुम कोरोना संक्रमित हुई थी जिसके बाद 9 दिनों तक उन्हें अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती किया गया था। अब एक्ट्रेस कोरोना को हराकर अपने घर लौट आई है लेकिन किसी ने अफवाह उड़ा दी कि 76 साल की तबस्सुम का निधन हो गया। ये खबर इतनी वायरल हुई कि उन्हें मीडिया में बयान जारी करके अपने सकुशल होने की न्यूज जारी करनी पड़ी।
ईटाइम्स से बात करते हुए तबस्सुम ने बताया कि जॉनी लीवर, अमित बहल, सुदेश भोसले और ऊषा खन्ना ने उनके बेटे को फोन किए और घबराहट में उनके बारे में हालचाल पूछा। ऊषा खन्ना ने तो इस अफवाह को सच मानकर तबस्सुम को याद करके फोन पर रोना भी शुरू कर दिया था। उनके बेटे होशांग ने सुबह 7:30 बजे तबस्सुम को नींद से जगाया और कहा कि फोन आ रहे हैं और लोग उनके स्वर्गवास के बारे में बातें कर रहे हैं। तबस्सुम ने कहा कि ये सुनकर मैंने राहत की सांस ली कि चलो अब मेरी उम्र और बढ़ जाएगी।
जॉनी लीवर ने तबस्सुम से बात करते हुए उनसे पूछा, दीदी? तो तबस्सुम ने जवाब दिया दीदी बिल्कलु ठीक हैं। आपको बता दें कि इन दिनों उनका शो तबस्सुम टॉकीज यूट्यूब का काफी देखा जाने वाला शो है। इससे पहले उनके बारे में पहले किसी ने अलजाइमर्स होने की अफवाह भी उड़ा दी थी।














