छत्रपति शिवाजी महाराज की 395वीं जयंती के मौके पर 'द प्राइड ऑफ भारत : छत्रपति शिवाजी महाराज' फिल्म के निर्माताओं ने एक पोस्टर रिलीज किया है। यह महान योद्धा शिवाजी की शक्ति, भक्ति और वीरता को दिखाता है। वे सिर्फ एक योद्धा नहीं बल्कि दूरदर्शी और नेता भी थे जिन्होंने धर्म व स्वराज की राह को कभी नहीं छोड़ा। फिल्म 21 जनवरी 2027 को रिलीज होगी। यह फिल्म हिंदी, कन्नड़, तेलुगू, तमिल, मराठी, मलयालम और बंगाली भाषा में सिनेमाघरों में दस्तक देगी। इसमें ‘कांतारा’ फेम एक्टर ऋषभ शेट्टी, ‘शिवाजी’ का रोल निभाएंगे।
इस पोस्टर में मां भवानी के आगे ऋषभ नजर आ रहे हैं। हालांकि इस दौरान उनकी शक्ल नहीं दिखाई गई है लेकिन यह लोगों को बेताब कर देने के लिए काफी है। डायरेक्टर संदीप एस सिंह ने मंगलवार (18 फरवरी) को पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, “जय भवानी जय शिवाजी। हर हर महादेव। महान योद्धा राजा छत्रपति शिवाजी महाराज की 395वीं जयंती पर हम गर्व के साथ पहला लुक पेश करते हैं जिसमें पूरे महाद्वीप की नियति बदलने वाले महान राजा की शक्ति और भक्ति को दिखाया गया है।
एक असाधारण टीम के साथ बहादुर सम्मान और स्वराज्य की उनकी और असाधारण गाथा को जीवंत करना एक सर्वोच्च सम्मान है।” ऋषभ ने भी अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज की पावन जयंती पर मेरा दिल सम्मान और जिम्मेदारी से भर जाता है। वे सिर्फ एक योद्धा नहीं थे, बल्कि स्वराज की आत्मा थे-साहस, ज्ञान और भक्ति के प्रतीक। स्क्रीन पर उनकी भावना को मूर्त रूप देना एक दिव्य आह्वान है, एक यात्रा जो शब्दों से परे है। मुझे उम्मीद है कि मैं उनकी अद्वितीय विरासत के साथ न्याय कर सकूंगा और हर भारतीय को उनकी अमर वीरता एहसास करा सकूंगा।














