साउथ इंडियन एक्ट्रेस रश्मिका मंदाना पूरे देश में लोकप्रिय हैं। खास तौर से साल 2023 के अंत में आई फिल्म ‘एनिमल’ से उन्हें जबरदस्त शौहरत हासिल हुई। इसके साथ वह हिंदी भाषी क्षेत्रों में भी मशहूर हो गईं। ‘एनिमल’ ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए ताबड़तोड़ कमाई की। इसके लीड एक्टर रणबीर कपूर थे और यह उनके करिअर की सबसे बड़ी हिट साबित हुई। हालांकि इस फिल्म के किरदारों को लेकर काफी आलोचना भी हुई थी। अब रश्मिका ने ‘एनिमल’ के हीरो को लेकर कुछ ऐसा बोला कि लोग खफा हो गए। रश्मिका को सोशल मीडिया यूजर्स जमकर ट्रॉल कर रहे हैं।
रश्मिका हाल ही में बरखा दत्त के साथ बातचीत करने पहुंची थीं। इस इंटरव्यू के दौरान एक महिला ने रश्मिका से पूछा कि क्या आप असल जिंदगी में ‘एनिमल’ के लीड किरदार 'रणविजय' जैसे लड़के को अपना जीवन साथी चुन सकती हैं। इसके जवाब में रश्मिका ने हां कहा। रश्मिका ने कहा कि अगर कोई आपसे प्यार करता है तो आप उसे बदल सकते हैं। इसी बीच जब रश्मिका से महिला ने सवाल किया कि क्या आपको लगता है कि आप किसी को बदल सकती हैं? इसके जवाब में रश्मिका ने बताने की कोशिश की कि इंसानी व्यक्तित्व अपने और परिवार के लोगों की पसंद-नापसंद से प्रभावित होती है।
रेडिट पर वायरल इस वीडियो पर रिएक्शन देते हुए एक यूजर ने लिखा, “यह दुखद है कि बहुत सी लड़कियों को वास्तव में यही बताया जाता है और उन्हें लड़कों के लिए खुद को बदलने के लिए ढाला जाता है। वह वास्तव में समाज और भारत की सोच का प्रतिबिंब हैं।” दूसरे ने कहा, “जो रील लाइफ में फिक्स नहीं कर पाई, वो रियल लाइफ में क्या फिक्स करेगी।” तीसरे ने लिखा, “वह किस दुनिया में जी रही है? सिर्फ अपने चरित्र का बचाव करने के लिए, आप वहां बैठकर ऐसे बयान नहीं दे सकते। महिलाएं किसी को भी फिक्स करने के लिए जिम्मेदार नहीं हैं।”
चौथे ने लिखा, “एक पॉपुलर महिला को ऐसा कहते देखना शर्मनाक है।” पांचवें ने लिखा, “उसने यहां गड़बड़ कर दी। सही जवाब है - नहीं, मैं असल जिंदगी में ‘एनिमल’ में रणबीर के किरदार को डेट नहीं करूंगी।” उल्लेखनीय है कि असल जिंदगी में रश्मिका का नाम लंबे समय से साउथ सुपरस्टार विजय देवरकोंडा के साथ जोड़ा जा रहा है। दोनों को एक साथ एक ही समय पर एक ही जगह छुट्टियां मनाते भी देखा जा चुका है। हालांकि उन्होंने अभी तक रिलेशनशिप पर कुछ भी खुलकर नहीं कहा है।














