मैडॉक फिल्म्स की हॉरर-कॉमेडी फिल्म 'थामा' को लेकर फैंस में लंबे समय से जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा था। उनका इंतजार मंगलवार (21 अक्टूबर) को खत्म हो गया जब यह फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हो गई। फिल्म की शानदार शुरुआत रही और इसने पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर 24 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई कर डाली। इसमें रश्मिका मंदाना, आयुष्मान खुराना, नवाजुद्दीन सिद्दीकी और परेश रावल के अहम रोल हैं। अब रश्मिका ने अपने शूटिंग के दिनों को याद करते हुए को-स्टार से लेकर क्रू-मेंबर्स तक को दिल से शुक्रिया कहा है। रश्मिका ने इंस्टाग्राम अपडेट किया और शूटिंग सेट की अनदेखी फोटो (BTS) शेयर की हैं।
इनमें वह कभी मेकअप करती दिख रही हैं तो कभी रात को हॉरर सीन की शूटिंग कर रही हैं। इससे पता चल रहा है कि एक-एक सीन को परफेक्ट बनाने के लिए सभी ने काफी मेहनत की है। रश्मिका ने कैप्शन में लिखा, “ओह...मैं कहां से शुरू करूं...पहली कॉल-शीट से लेकर आखिरी कट शीट तक, यह फिल्म सिर्फ काम से कहीं अधिक रही है...यह दिल की, धैर्य की, हंसी और चोटों की और उन सुबहों की यात्रा रही है जिनके लिए हम जागना नहीं चाहते थे और उन रातों की जिन्हें हम खत्म नहीं करना चाहते थे।” रश्मिका ने आयुष्मान, नवाज और परेश का शुक्रिया भी अदा किया, क्योंकि उनके साथ सीन करना सहज और स्वाभाविक रहा, जबकि डायरेक्टर आदित्य ने हर डायलॉग को ठीक से करने की प्रेरणा दी।
रश्मिका ने बताया कि कई बार ऐसा भी होता था कि वह मेकअप उतारना भूल जाती थी, क्योंकि बहुत थक जाती थी, ऐसे में मेकअप मैन उनकी मदद करते थे। फिल्म की कहानी की बात करें तो इसमें आयुष्मान एक वैम्पायर बन जाते हैं और रश्मिका पहले से ही वैम्पायर हैं। दोनों को प्यार हो जाता है और नवाज एक तांत्रिक बने हैं। 'थामा' मैडॉक के बैनर तले हॉरर यूनिवर्स की पांचवीं फिल्म है। उल्लेखनीय है कि साउथ इंडस्ट्री की मशहूर एक्ट्रेस रश्मिका ‘एनिमल’ मूवी के बाद बॉलीवुड में भी काफी लोकप्रिय हो गईं। उनकी पर्सनल लाइफ पर नजर डालें तो वह इन दिनों एक्टर विजय देवरकोंडा के साथ सगाई को लेकर सुर्खियां बटोर रही हैं। कपल अलग-अलग मौकों पर अंगूठी भी फ्लॉन्ट कर चुका है, लेकिन उन्होंने अभी तक सार्वजनिक तौर पर कुछ नहीं कहा।














