एक्ट्रेस रश्मिका मंदाना की फिल्म ‘थामा’ हाल ही सिनेमाघरों में रिलीज हुई। इसमें रश्मिका की जोड़ी आयुष्मान खुराना के साथ बनी है। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर काफी अच्छा प्रदर्शन कर रही है। लोगों को रश्मिका की एक्टिंग पसंद आ रही है। इस बीच आज शनिवार (25 अक्टूबर) को रश्मिका और एक्टर धीक्षित शेट्टी की अपकमिंग फिल्म ‘द गर्लफ्रेंड' का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया। ट्रेलर में जहां दोनों सितारों के बीच खूबसूरत रोमांस दिखाया गया है, वहीं उनकी लव स्टोरी में आने वाले उतार-चढ़ाव और भावनात्मक तूफानों की झलक भी देखने को मिलती है। इस दमदार ट्रेलर ने फैंस की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है। दर्शक फिल्म की रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
ट्रेलर में रश्मिका और धीक्षित के बीच एक प्यारा लेकिन उलझा हुआ रिश्ता दिखाया गया है। धीक्षित, रश्मिका से सच्चा प्यार करता है और उससे शादी करना चाहता है। मगर रश्मिका इस रिश्ते को लेकर कन्फ्यूज दिखती हैं। वह शादी नहीं करना चाहती, लेकिन रिश्ता तोड़ भी नहीं पाती और यहीं से कहानी में उलझन शुरू होती है। हालांकि कहानी में मोड़ तब आता है, जब एक तीसरी लड़की उन दोनों के बीच में आ जाती है। धीक्षित की उस लड़की से नजदीकियां बढ़ने लगती हैं, जिससे रश्मिका की जिंदगी में तूफान आ जाता है। इतना ही नहीं, रश्मिका के कैरेक्टर पर भी उंगली उठने लगी है।
रश्मिका का लुक और उनकी नेचुरल एक्टिंग ट्रेलर में सबका ध्यान खींच रही है क्योंकि वह प्यार, भरोसे और समाज की बंदिशों के बीच फंसी हुई है। यह फिल्म राहुल ने लिखी और डायरेक्ट की है। इसे धीरज मोगिलिनेनी और विद्या कोप्पिनेडी ने प्रोड्यूस किया है। म्यूजिक हेशम अब्दुल वहाब ने दिया है, जबकि सिनेमैटोग्राफी कृष्णन वसंत ने की है। टीजर पिछले साल रिलीज हुआ था। इसकी शुरुआत विजय देवरकोंडा की आवाज से होती है। फिल्म 7 नवंबर को रिलीज होने वाली है। फिल्म में राव रमेश, रोहिणी और कौशिक मेहता जैसे कलाकार भी नजर आने वाले है।














