‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ शो में पिछले दिनों यूट्यूबर-पॉडकास्टर रणवीर इलाहाबादिया की अश्लील टिप्पणी के बाद हंगामा खड़ा हो गया था। इसके बाद स्टैंडअप कॉमेडियन व यूट्यूबर समय रैना को अपने शो के सभी एपिसोड को यूट्यूब से हटाने पड़ गए। सुप्रीम कोर्ट ने अगले नोटिस तक यूट्यूब या अन्य प्लेटफॉर्म पर किसी भी शो को प्रसारित करने से रोक लगाई है। इस बीच रणवीर ने अपने बयान में जांच अधिकारी के सामने गलती स्वीकार की है। उन्होंने बताया कि वह क्यों शो में शामिल हुए।
रणवीर ने महाराष्ट्र साइबर पुलिस को जानकारी दी कि समय रैना उनके दोस्त रहे हैं। इस कारण वे उस शो का हिस्सा बने। उन्होंने इसके लिए कोई फीस नहीं ली है। रणवीर ने अश्लील जोक्स को लेकर को अपनी गलती को माना है। उन्होंने कहा कि जिस लाइन को लेकर विवाद हुआ है, वह मुझे नहीं बोलना चाहिए था। मुझे ऐसा नहीं करना चाहिए। रणवीर ने दावा किया कि शो में जाने के लिए उन्होंने कोई पैसे नहीं लिए थे। रणवीर ने साइबर सेल को जानकारी दी कि यूट्यूबर अक्सर एक-दूसरे के प्रोग्राम में जाते रहते हैं।
विवाद शुरू होने के बाद रणवीर सोमवार को पहली बार सार्वजनिक जगह पर नजर आए थे। रणवीर और आशीष चंचलानी सुबह 11 बजे साइबर सेल के मुख्यालय पहुंचे थे। उन्हें करीब 5 बजे वहां से बाहर निकलता देखा गया। रणवीर के खिलाफ देश के अलग-अलग राज्यों में कई एफआईआर दर्ज की गई हैं जिनमें उन पर सार्वजनिक रूप से अश्लीलता को बढ़ावा देने का आरोप लगाया गया है।
उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र पुलिस की साइबर सेल ने राखी सावंत को भी समन भेजा है। उन्हें 27 फरवरी को पेश होने को कहा गया है। राखी शो में जज बनकर शामिल हुईं थीं। रणवीर, समय और अपूर्वा मखीजा महाराष्ट्र साइबर पुलिस के संपर्क में हैं। समय को भी समन भेजा हुआ है। उन्हें 18 फरवरी को पेश होने को कहा गया था, लेकिन वे उपस्थित नहीं हुए। अब उन्हें दूसरा समन भेजा गया है।
फरहान अख्तर ने कहा, ‘डॉन 3’ की शूटिंग इसी साल शुरू होगी…
फिल्ममेकर फरहान अख्तर लंबे समय से अपनी अपकमिंग फिल्म 'डॉन 3' को लेकर चर्चाओं में हैं। फरहान ने हाल ही में इंडिया टुडे को दिए एक इंटरव्यू में साफ कर दिया कि रणवीर सिंह स्टारर 'डॉन 3' सही समय पर बन रही है। जब उनसे ये पूछा गया कि वे इस फिल्म से जुड़े सवालों से बच रहे हैं? तो उन्होंने कहा कि मैं किसी सवाल से बच नहीं रहा हूं।
'डॉन 3' की शूटिंग इस साल शुरू हो रही है और मेरी फिल्म '120 बहादुर' साल के आखिर में रिलीज होगी। बता दें कि 'डॉन 3' में रणवीर के साथ कियारा आडवाणी नजर आएंगी। कहा जा रहा है कि इसमें विलेन के रोल के लिए विक्रांत मैसी को चुना गया है। पहले इस फिल्म की शूटिंग पिछले साल अगस्त-सितंबर में शुरू होने वाली थी, लेकिन कुछ देरी के कारण इसे लेकर अफवाहें फैल गईं कि इसे रोक दिया गया है।
फरहान ने अपनी मोस्ट अवेटेड फिल्म 'जी ले जरा' को लेकर भी अपडेट दी। इस फिल्म में आलिया भट्ट, प्रियंका चोपड़ा और कैटरीना कैफ हैं। फरहान ने कहा कि इस फिल्म के लिए कई कलाकारों की तारीखों को मिलाना जरूरी है और अभी ये थोड़ा मुश्किल हो रहा है। शायद ये फिल्म बाद में बने।














