ये बहुत जरूरी है कि लोग अपनी समस्याओं को शेयर करें : विक्रम भट्ट
मशहूर डायरेक्टर विक्रम भट्ट ने हाल ही में अपने स्वास्थ्य को लेकर बड़ा खुलासा किया। उनके माटोसिटिस से मिलती-जुलती बीमारी है। विक्रम ने पिंकविला को दिए इंटरव्यू में कहा कि बड़े सितारे जब मानसिक और शारीरिक बीमारियों पर खुलकर बात करते हैं, तो ये समाज में एक सकारात्मक बदलाव लाता है। दीपिका पादुकोण उन पहली अभिनेत्रियों में से थीं, जिन्होंने अपने डिप्रेशन के बारे में खुलकर बात की। इसी तरह सामंथा रूथ प्रभु ने मायोसिटिस के बारे में जानकारी शेयर कर लोगों को जागरूक किया।
ये बहुत जरूरी है कि लोग अपनी समस्याओं को शेयर करें, ताकि दूसरों को भी इससे उबरने की हिम्मत मिले। आज के दौर में सोशल मीडिया युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव डाल रहा है। आजकल का युवा अपनी तुलना सोशल मीडिया पर दूसरों से करने लगा है। ये तुलना आर्थिक स्थिति और जीवनशैली को लेकर होती है, जिससे उनमें हीन भावना पनपने लगती है।मेरी माता-पिता से अपील है की कि वो अपने बच्चों की सोशल मीडिया गतिविधियों पर ध्यान दें और अगर वे कोई बदलाव देखें, जैसे कि बहुत ज्यादा सुस्ती, अकेलापन, सोने और खाने की आदतों में बदलाव, तो तुरंत सतर्क हो जाएं।
उल्लेखनीय है कि दीपिका ने साल 2015 में ‘लिव लव लाफ फाउंडेशन’ नाम के एक एनजीओ की शुरुआत की थी, जो मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता फैलाने का काम करता है। विक्रम ने उनकी इस पहल की तारीफ करते हुए कहा कि इस तरह के प्रयास युवाओं को खुलकर अपनी समस्याओं पर बात करने के लिए प्रेरित कर सकते हैं। विक्रम इन दिनों थ्रिलर फिल्म ‘तुमको मेरी कसम’ के प्रमोशन में बिजी हैं। इस फिल्म में अनुपम खेर, ईशा देओल और इश्वाक सिंह हैं। फिल्म 21 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।













