एक्टर रणदीप हुड्डा लंबे समय से बॉलीवुड में एक्टिव हैं। रणदीप चुनिंदा फिल्में करने के लिए जाने जाते हैं, जिनमें उनके रोल अलग और दमदार हो। वे अपने अभिनय में पूरी जान डाल देते हैं, जिससे फैंस को उनकी अदाकारी पसंद आती है। रणदीप पिछले दिनों रिलीज हुई सनी देओल की हाई एक्शन फिल्म 'जाट' में विलेन के रूप में दिखे थे। उनका यह नया अवतार लोगों के बीच चर्चा का विषय रहा। इस बीच रणदीप ने आज गुरुवार (5 जून) को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पत्नी एक्ट्रेस लिन लैशराम के साथ मध्य प्रदेश के कान्हा राष्ट्रीय उद्यान के पास 500 से ज्यादा पेड़ लगाए।
रणदीप ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस सिर्फ एक तारीख नहीं, इससे कहीं ज्यादा है और हमें इसके महत्व को समझना होगा। यह याद दिलाता है कि प्रकृति को हमने जो नुकसान पहुंचाया है, उसकी भरपाई करने के लिए हमारे पास समय नहीं है। वन हमारे ग्रह के फेफड़े हैं और उनके बिना समृद्ध जैव विविधता जीवित नहीं रह पाएगी। वन्यजीवों से मेरा जुड़ाव हमेशा आध्यात्मिक रहा है और कान्हा की यात्रा प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी की तात्कालिकता को और पुष्ट करती है। कान्हा राष्ट्रीय उद्यान अपनी समृद्ध जैव विविधता के लिए जाना जाता है। यह उद्यान बंगाल बाघों, भारतीय तेंदुओं, भालू, हिरण, काले हिरण का घर है।
पेड़ लगाना एक छोटा सा काम लग सकता है, लेकिन यह बहुत शक्तिशाली है। एक पेड़ आश्रय, भोजन, ऑक्सीजन और संतुलन देता है - ठीक वैसे ही जैसे प्रकृति हमें बदले में कुछ भी मांगे बिना सब कुछ देती है। मेरी पत्नी लिन और मैं इस अविश्वसनीय पारिस्थितिकी तंत्र में योगदान देने के लिए वास्तव में विनम्र महसूस करते हैं। भले ही यह एक छोटे से तरीके से दिया गया योगदान है, लेकिन अब इसकी पहले से कहीं अधिक आवश्यकता है। जंगल और वन्यजीव अलग-अलग नहीं हैं-वे एक-दूसरे पर निर्भर हैं और दोनों को एक साथ पनपना चाहिए। प्रकृति को हमारी जरूरत नहीं है - हमें प्रकृति की जरूरत है। बता दें रणदीप ने पिछले साल लिन के साथ शादी की थी।














