रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor) इन दिनों अपनी फिल्म ‘तू झूठी मैं मक्कार’ (Tu Jhoothi Main Makkar) के प्रमोशन में जुटे हुए हैं। फिल्म को लेकर वे आजकल कई मीडिया इवेंट्स में शामिल हो रहे हैं। हाल ही प्रमोशन के दौरान उन्होंने शाहरुख खान (Shah Rukh Khan) और ‘पठान’ (Pathaan) की जमकर तारीफी की। फिल्म ‘तू झूठी मैं मक्कार’ के प्रमोशन के दौरान रणबीर से जब पूछा गया कि ‘बॉलीवुड के बुरे दौर को लेकर आप क्या कहेंगे?’ तो इस पर उन्होंने पलटकर कहा, ‘क्या बात कर रहे हो, ‘पठान’ का कलेक्शन देखा नहीं क्या?’ ‘पठान’ की कमाई को देखकर रणबीर कपूर का मानना है कि बॉलीवुड का बुरा दौर खत्म हो गया है।
दरअसल बीते काफी समय से बॉलीवुड और साउथ की फिल्मों की तुलना की जा रही थी। साल 2022 बॉलीवुड फिल्मों के लिए अच्छा नहीं रहा लेकिन साउथ की सभी फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार कमाई की। ऐसे में कहा जाने लगा था कि बॉलीवुड का दौर अब खत्म हो चुका है लेकिन साल 2023 की शुरुआत में शाहरुख खान ने ‘पठान’ के जरिए एक बार फिर बॉलीवुड का नाम रोशन कर दिया है।














