मुंबई के लोअर परेल स्थित पीवीआर आईमैक्स में जब ‘रामायणम्: द इंट्रोडक्शन’ का प्रीव्यू पेश किया गया, तो यह शाम भारतीय सिनेमा के इतिहास की एक यादगार घटना बन गई। इस आयोजन में सिर्फ मीडियाकर्मी ही नहीं, बल्कि कई प्रशंसक भी आमंत्रित थे। गुरुवार के दिन पीवीआर लोअर परेल में ऐसी भीड़ पहले कभी नहीं देखी गई। इतना ही नहीं, यह प्रीव्यू केवल आईमैक्स स्क्रीन में ही नहीं, बल्कि अन्य ऑडिटोरियम्स में भी आयोजित किया गया था। मीडिया को विशेष रूप से आईमैक्स स्क्रीन में आमंत्रित किया गया था।
निर्माता और निर्देशक का विज़नप्रारंभ में एक छोटा वीडियो प्रस्तुत किया गया जिसमें निर्माता नमित मल्होत्रा और निर्देशक नितेश तिवारी ने अपने विचार साझा किए।
नमित मल्होत्रा ने कहा, “हम सभी को इस बात पर अत्यधिक गर्व और खुशी महसूस करनी चाहिए कि हम इस महान कथा और महाकाव्य को दुनिया के सामने इतनी भव्यता से ला रहे हैं... यह यात्रा नितेश तिवारी के बिना संभव नहीं थी। रामायणम् को लेकर उनकी सोच और प्रस्तुति न केवल अद्वितीय है बल्कि आदर्श भी है।”
![रामायणम्: PVR IMAX मुंबई में प्रीव्यू को मिला जबरदस्त रिस्पॉन्स, भारतीय सिनेमा की अब तक की सर्वश्रेष्ठ 3D फिल्म करार ramayana 3d preview,ranbir kapoor ramayan,yash ravan ramayan,nitesh tiwari ramayana,ramayana teaser review,ramayana diwali 2026,bollywood big budget film,hans zimmer ar rahman ramayan,ramayana imax response,indian cinema largest project]()
नितेश तिवारी ने अपने बचपन की यादें साझा करते हुए बताया, “जब मैं छोटा था, मेरे दादा-दादी मुझे रामायण सुनाया करते थे और मुझे वह बेहद रोमांचक लगती थी। फिर मेरे माता-पिता मुझे रामायण पर आधारित फिल्म दिखाने थिएटर ले गए। इसके बाद मैं अपने दोस्तों के साथ रामलीला देखने जाने लगा। मुझे लगता है कि इस फिल्म ने मुझे चुना है, मैं खुद को बहुत सौभाग्यशाली मानता हूं।”
उन्होंने कहा, “नमित जिस ऊर्जा, जुनून और विश्वास के साथ इस प्रोजेक्ट को लेकर आए हैं, वह बेहद प्रेरणादायक है। आज भी मुझे खुद को यह यकीन दिलाने के लिए चुटकी काटनी पड़ती है कि मैं इतनी शानदार स्टारकास्ट और टेक्नीशियंस के साथ काम कर रहा हूं।”
3डी अनुभव जिसने सबको कर दिया स्तब्धवीडियो के बाद स्क्रीन पर मैसेज आया — “कृपया अपने 3डी चश्मे पहनें।” जैसे ही चश्मा पहना गया, दर्शक एक नई दुनिया में प्रवेश कर गए। करीब तीन मिनट की क्लिप में फिल्म का कोई बड़ा दृश्य या शॉट नहीं दिखाया गया, लेकिन 3डी इफेक्ट्स ने सबका दिल जीत लिया। यह तकनीकी रूप से इतनी शानदार रही कि इसे अब तक की सर्वश्रेष्ठ भारतीय 3डी फिल्म कहना अतिशयोक्ति नहीं होगी। दर्शकों, मीडिया और सभी उपस्थित लोगों ने इसे लेकर ज़ोरदार प्रतिक्रिया दी और सीटियां बजाईं।
दर्शकों से रूबरू हुए निर्देशक और निर्मातावीडियो में दोनों ने अपनी अनुपस्थिति को लेकर खेद जताया था, लेकिन बाद में खुद मंच पर आकर सभी को चौंका दिया। नितेश तिवारी ने कहा, “आपने वीडियो में हमें यह कहते सुना होगा कि हम नहीं आ पाएंगे, लेकिन यह हमारी किस्मत में था कि हम आएं। ईश्वर की इच्छा थी कि हम आज यहां हों। इसी कारण हमारी फिल्म की शूटिंग एक दिन पहले ही समाप्त हो गई।”
वहीं नमित मल्होत्रा ने कहा, “मुझे अब भी विश्वास नहीं हो रहा कि हम यह फुटेज आपके साथ साझा कर रहे हैं। मेरा सपना है कि भारत के इस गौरवशाली इतिहास को दुनिया तक सबसे बड़े स्तर पर पहुंचाया जाए। मैं चाहता हूं कि हम सब भारतीय इस फिल्म को लेकर गर्व महसूस करें और इसका जश्न मनाएं।”
उन्होंने जोड़ा, “आपका समर्थन हमारे लिए सब कुछ है। हम बेहद मेहनत कर रहे हैं और दुनिया को जो सर्वश्रेष्ठ मिल सकता है, उसे देने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।”
फिल्म की भव्य स्टारकास्ट और टीम—राम की भूमिका में: रणबीर कपूर
—रावण की भूमिका में: यश
—सीता के रूप में: साईं पल्लवी
—लक्ष्मण के रूप में: रवि दुबे
—हनुमान की भूमिका में: सनी देओल
फिल्म का संगीत दो दिग्गजों – हंस ज़िम्मर और ए आर रहमान ने तैयार किया है, जबकि विज़ुअल इफेक्ट्स 8 बार ऑस्कर जीत चुके DNEG द्वारा किए जा रहे हैं।
‘रामायणम्’ का पहला भाग दीवाली 2026 पर रिलीज होगा, जबकि दूसरा भाग दीवाली 2027 में आने की योजना है।