राजकुमार राव को उनकी जबरदस्त एक्टिंग के लिए जाना जाता है। पिछले कुछ समय से आई उनकी सभी फिल्मों ने लोगों का दिल जीता है। राजकुमार अलग-अलग तरह के रोल निभाने के लिए जाने जाते हैं। कह सकते हैं कि उन्हें टाइपकास्ट होने के बजाय खुद के साथ एक्सपरिमेंट करना पसंद है या फिर चुनौतियों का सामना करने में मजा आता है। फिलहाल राजकुमार अपनी रोमांटिक कॉमेडी फिल्म 'भूल चूक माफ' के लिए सुर्खियां बटोर रहे हैं। इसमें उनके साथ वामिका गब्बी हैं। लोगों को इसका ट्रेलर बहुत अच्छा लगा और वे बेसब्री से इसका इंतजार कर रहे हैं। फिल्म 9 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
इस बीच राजकुमार एक बड़ी फिल्म को लेकर चर्चा बटोर रहे हैं जिसमें पूर्व में सुपरस्टार आमिर खान नजर आने वाले थे। राजकुमार को यह फिल्म आमिर के हटने के बाद मिली है। बताया जा रहा है कि फिल्म को 'स्त्री 2' फेम दिनेश विजान बना रहे हैं और राजकुमार से उनकी बातचीत चल रही है। आमिर क्राइम और टेरेरिज्म मामलों के मशहूर वकील उज्जवल निकम की इस बायोपिक में नजर आने वाले थे लेकिन किसी कारण से उन्होंने अपने कदम खींच लिए। अब लीड रोल राजकुमार निभा सकते हैं।
आमिर को कोविड 19 से पहले बायोपिक ऑफर की गई थी और वे तब इसमें काम करने के लिए रोमांचित थे। हालांकि आमिर बतौर निर्माता अभी भी इस प्रोजेक्ट से जुड़े रह सकते हैं। निकम की बात करें तो वे एक महशूर वकील हैं और उन्होंने कई बड़ी आतंकी घटनाओं से संबंधित केस लड़े हैं। इनमें गुलशन कुमार मर्डर केस, गेटवे ऑफ इंडिया ब्लास्ट, साल 1993 में हुए मुंबई सीरियल ब्लास्ट और 26/11 जैसे कई हमले शामिल हैं। साल 2016 में उन्हें पद्म श्री से सम्मानित किया गया था। राजकुमार की पिछली फिल्म पिछले साल आई हॉरर कॉमेडी ड्रामा ‘स्त्री 2’ थी जो ब्लॉकबस्टर रही थी।














