बॉबी देओल और प्रीति जिंटा की साल 1998 में आई फिल्म 'सोल्जर' ने खूब धूम मचाई थी। लोगों को बॉबी और प्रीति की केमिस्ट्री पसंद आई। फिल्म के गाने आज भी बेहद लोकप्रिय हैं। अब 27 साल बाद दोनों को एक बार फिर साथ देख फैंस की पुरानी यादें ताजा हो गईं। लंबे समय बाद रविवार (12 अक्टूबर) को मुंबई में मशहूर फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा की दिवाली पार्टी में अचानक दोनों की मुलाकात हुई। इस दौरान वहां बॉबी की पत्नी तान्या देओल भी मौजूद थीं। सोशल मीडिया पर बॉबी-प्रीति का ये वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है और जबरदस्त तरीके से वायरल हो रहा है।
वीडियो में नजर आ रहा है कि जैसे ही प्रीति और बॉबी ने एक-दूसरे को देखा तो दौड़कर एक-दूसरे को प्यार से गले लगा लिया। प्रीति को तान्या के साथ भी बातचीत करते हुए देखा गया। जब तान्या ने प्रीति और बॉबी को साथ पोज देने को कहा तो एक्ट्रेस ने उन्हें अपनी ओर खींच लिया और तीनों ने साथ में तस्वीरें खिंचवाईं। बाद में पैपराजी ने बॉबी और प्रीति को साथ में पोज देने की मांग की। उस दौरान भी तान्या दूर खड़ी उन्हें देख खुश हो रही थीं। प्रशंसकों को प्रीति और तान्या की बॉन्डिंग भी अच्छी लग रही है। फैंस खूब रिएक्शन दे रहे हैं।
एक ने लिखा, “हमें सोल्जर 2 चाहिए। कितनी खूबसूरत जोड़ी है...इन्हें फिर से पर्दे पर लाओ।” दूसरे प्रशंसक ने कमेंट किया, “बॉबी एक शर्मीले इंसान हैं, लेकिन प्रीति के साथ वे बहुत अच्छे से बातचीत करते नजर आ रहे हैं। वे एक-दूसरे से मिलकर वाकई खुश लग रहे हैं।” उल्लेखनीय है कि जिस साल 'सोल्जर' रिलीज हुई थी वह उस साल 'कुछ कुछ होता है' के बाद भारत की दूसरी सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्म रही थी। बॉबी के वर्कफ्रंट पर नजर डालें तो वे हाल ही में आर्यन खान के निर्देशन में बनी पहली वेब सीरीज 'द बैड्स ऑफ बॉलीवुड' में नजर आए थे। दूसरी ओर, प्रीति अब सनी देओल अभिनीत 'लाहौर 1947' से वापसी करने वाली हैं। इस फिल्म का निर्माण आमिर खान कर रहे हैं।














