‘पवित्र रिश्ता’ फेम एक्ट्रेस श्रुति कंवर ने पिछले साल 12 जुलाई 2024 को बॉयफ्रेंड अनिंद्य चक्रवर्ती के साथ हिंदू रीति-रिवाज से शादी की थी। उन्होंने शादी की झलकियां भी दिखाई थीं। अब उनके घर किलकारियों से गूंज उठा। उन्होंने शादी के 8 माह बाद एक बेटे को जन्म दिया है और अपने सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से इस गुड न्यूज को फैंस के साथ शेयर किया है। पोस्ट के साथ ही श्रुति ने बेटे का नाम भी रिवील कर दिया। इस खुशखबरी को उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक बेहद खूबसूरत पोस्ट के साथ शेयर किया है।
उन्होंने लिखा, “हमारे दिलों में खुशियां हैं, प्यार है क्योंकि हमारे घर नन्हा मेहमान जो आया है। हमारा बेटा जिसका हम इस दुनिया में स्वागत करते हैं।” इसी के साथ श्रुति ने बताया कि उन्होंने बेटे का नाम अशर रखा है। गौरतलब है कि श्रुति ने इसी साल 22 फरवरी को एक पोस्ट के जरिए अपनी प्रेग्नेंसी की न्यूज शेयर की थी। श्रुति के मां बनने के बाद फैंस उन्हें जमकर बधाई दे रहे हैं। श्रुति ने साल 2010 में एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा था।
उन्होंने एकता कपूर के पॉपुलर शो ‘पवित्र रिश्ता’ में ‘अर्चना’ और ‘मानव’ की बेटी ‘ओवी देशमुख’ का किरदार निभाया था। इस रोल ने उन्हें घर-घर में लोकप्रिय बना दिया था। इसके अलावा श्रुति ‘डोली अरमानों की’, ‘मेरे दिल की लाइफलाइन’, ‘क्राइम पेट्रोल’ और ‘सावित्री देवी कॉलेज एंड हॉस्पिटल’ जैसे शो में भी काम कर चुकी हैं।














