एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा को अपने फैंस से जुड़े रहना काफी पसंद है। वह हमेशा सोशल मीडिया अकाउंट पर खुद से जुड़ी बातें शेयर करती रहती हैं। परिणीति ने पिछले साल सितंबर में आम आदमी पार्टी (आप) नेता व राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा के साथ शादी की थी। उसके बाद परिणीति ने कई दिनों तक शादी की झलकियां साझा कीं। बहरहाल परिणीति ने अपनी मां रीना चोपड़ा को बेहद फिल्मी अंदाज में जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कई पुरानी फोटो और प्यारे नोट के साथ मां के बर्थडे को बेहद खास बना दिया।
परिणीति ने दिलचस्प कैप्शन में लिखा, “फिल्म-परिणीति चोपड़ा, प्रोड्यूसर रीना चोपड़ा, डायरेक्टर रीना चोपड़ा, डायलॉग्स रीना चोपड़ा, एक्शन रीना चोपड़ा, फूड-रीना चोपड़ा। मेरी निर्माता, निर्देशक - मतलब सब कुछ! को जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं! यह फिल्म 'परिणीति', सहज और शिवांग कभी रिलीज नहीं हो पाती अगर आप नहीं होतीं। आप सबसे प्यारी, हंसमुख और सचमुच सबसे बुद्धिमान महिला हैं जिन्हें मैं जानती हूं। हम आपसे बहुत प्यार करते हैं मां।”
परिणीति ने मां की कई फोटो शेयर की हैं जिनमें से एक में वह अपने दामाद राघव के साथ दिख रही हैं। ये फोटो परिणीति की शादी की है। गौरतलब है कि परिणीति की अपनी मां के साथ जबरदस्त बोंडिंग है। दोनों अक्सर एक-दूसरे के बारे में बातें शेयर करती हैं। हाल ही में परिणीति और राघव को रीना से एक प्यारा सा तोहफा मिला।
रीना ने इंस्टाग्राम पर हाथ से बनाई गई पेंटिंग की एक तस्वीर शेयर की, जिसमें कपल को इसे पकड़े हुए देखा जा सकता है। अगर परिणीति के काम की बात करें तो उन्हें आखिरी बार ‘अमर सिंह चमकीला’ मूवी में देखा गया था, जिसमें उन्होंने दिलजीत दोसांझ के साथ स्क्रीन स्पेस शेयर किया था। इम्तियाज अली ने इस फिल्म का निर्देशन किया। यह ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज हुई थी।














