इन दिनों 'हेरा फेरी 3' फिल्म को लेकर हल्ला मचा हुआ है। अभिनेता परेश रावल ने फिल्म को बीच में छोड़ दिया। अब परेश ने अक्षय कुमार के प्रोडक्शन हाउस को 11 लाख रुपए की एडवांस राशि लौटा दी है। बताया जा रहा है कि यह राशि फिल्म के प्रमोशनल शूट और कुछ फुटेज की शूटिंग के एवज में दी गई थी। परेश ने यह रकम 15 फीसदी ब्याज के साथ वापस की है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार फिल्म के लिए परेश की कुल फीस 15 करोड़ रुपए निर्धारित की गई थी। डील के अनुसार फिल्म रिलीज के एक महीने बाद उन्हें शेष राशि यानी करीब 14.89 करोड़ रुपए मिलने थे लेकिन परेश इस शर्त से संतुष्ट नहीं थे।
इसकी वजह ये थी कि फिल्म की रिलीज 2026 या 2027 तक टल सकती थी। ऐसे में उनका भुगतान 2 साल तक अटका रह सकता था। इसी कारण उन्होंने फिल्म से दूरी बना ली और दी गई रकम वापस कर दी। इस विवाद के बीच अक्षय की लीगल टीम ने बातचीत में कहा कि उन्हें अब भी उम्मीद है कि बात सुलझ जाएगी। हालांकि उन्होंने यह चेतावनी भी दी कि यदि परेश ने फिल्म अधूरी छोड़ने के कारण कोई नुकसान पहुंचाया तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले फिल्म के डायरेक्टर प्रियदर्शन ने मीडिया से बातचीत में नाराजगी जाहिर की।
उन्होंने कहा कि हम सभी के कॉन्ट्रेक्ट साइन हो चुके थे। दस दिन पहले ही अक्षय, सुनील शेट्टी और परेश ने एक सीन और आईपीएल टीजर की शूटिंग की थी। फिल्म करने का फैसला सामूहिक था और अक्षय ने इसके बाद ही ‘हेरा फेरी 3’ के राइट्स खरीदे। परेश ने फिल्म छोड़ने की जानकारी हमें नहीं दी। एक कॉल कर सकते थे, आखिर इतने वर्षों की दोस्ती थी। गौरतलब है कि परेश का 'बाबूराव' वाला किरदार 'हेरा फेरी' (2000) और 'फिर हेरा फेरी' (2006) में लोगों के दिलों पर छा गया था। उनकी कॉमिक टाइमिंग और अंदाज आज भी लोगों के जेहन में ताजा है। ऐसे में तीसरी फिल्म से उनका बाहर होना प्रशंसकों के लिए बड़ा झटका है।














