लोकप्रिय टीवी शो ‘पांड्या स्टोर’ फेम एक्ट्रेस पल्लवी राव ने अपने पति सूरज राव से अलग होने का ऐलान किया है। कपल ने 22 साल के लंबे रिश्ते के बाद आपसी सहमति से अपने रास्ते अलग करने का फैसला लिया है। पल्लवी ने मीडिया से बातचीत में इस बात की पुष्टि करते हुए कहा कि वह और सूरज पिछले दो हफ्तों से अलग रह रहे हैं। पल्लवी ने कहा कि सूरज और मेरे 2 बच्चे हैं। पिछले कुछ वर्षों से हमारे रिश्ते में तालमेल की कमी महसूस हो रही थी। आखिरकार हमने अलग होने का कठिन फैसला लिया। हमारी बेटी 21 और बेटा 18 वर्ष का है।
ऐसे में यह फैसला इमोशनली बहुत मुश्किल था। कभी-कभी आपसी समझदारी से अलग होकर शांति से जीवन जीना बेहतर होता है। मैं सूरज का सम्मान करती हूं और हमेशा उनके अच्छे की कामना करूंगी। कपल की ओर से अभी तक कानूनी अलगाव या तलाक को लेकर कोई औपचारिक जानकारी शेयर नहीं की गई है। उन्होंने तलाक फाइल करने की प्रक्रिया या समयसीमा पर भी कोई टिप्पणी नहीं की है। पल्लवी सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं। वह अक्सर अपने बच्चों के साथ तस्वीरें शेयर करती हैं।
बच्चे मनोरंजन इंडस्ट्री से दूर हैं और अपनी निजी जिंदगी में बिजी हैं। उल्लेखनीय है कि पल्लवी पिछले 2 दशकों से टीवी इंडस्ट्री का हिस्सा हैं। उन्होंने ‘पांड्या स्टोर’, ‘ये झुकी झुकी सी नजर’, ‘दिया और बाती हम’ जैसे सीरियल में दमदार किरदार निभाए हैं। वह अक्सर सहायक भूमिकाओं में नजर आती हैं और दर्शकों के बीच शानदार एक्टिंग के साथ अपनी सादगी के लिए जानी जाती हैं। दूसरी ओर, सूरज टीवी जगत में एक नामचीन डायरेक्टर के रूप में पहचान बना चुके हैं। उन्होंने कई पॉपुलर टीवी शो बनाने के साथ नामी प्रोडक्शन हाउसेज के साथ जुड़कर काम किया है।














