साउथ इंडियन एक्टर नागा चैतन्य और एक्ट्रेस शोभिता धुलिपाला 4 दिसंबर को हैदराबाद में अन्नपूर्णा स्टूडियो में शादी की। इस शादी में उनके परिवार वालों के साथ कुछ करीबी दोस्त शामिल हुए थे। इसके बाद से ही दोनों की कई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। नागा के पिता सुपरस्टार नागार्जुन ने भी अपने एक्स (ट्विटर) हैंडल पर शादी की कुछ झलकियां दिखाई थी। अब शोभिता व नागा ने भी फैंस के साथ अनदेखे पल साझा किए हैं। कपल ने शादी की 9 तस्वीरें शेयर की हैं।
इन फोटो में यह जोड़ी कमाल लग रही है। शादी में कपल साउथ इंडियन ट्रेडिशनल आउटफिट में नजर आया। शोभिता ने एक व्हाइट और रेड कांजीवरम सिल्क की साड़ी, जबकि चैतन्य ने गोल्डन-व्हाइट कलर का कुर्ता और वेष्टी पहना हुआ था। एक फोटो में शोभिता ने नागा का चेहरा बड़े प्यार से पकड़ा हुआ है। एक दूसरी तस्वीर में कपल वरमाला के दौरान मस्ती करता दिख रहा है। दोनों ने अपने इंस्टाग्राम पर जो शादी की तस्वीरें पोस्ट की हैं, उनमें कपल शादी की रस्मों में खूब मस्ती और प्यार लुटाते दिख रहे हैं।
एक फोटो में नागा अपनी दुल्हन को मंगलसूत्र पहना रहे हैं। दूसरी फोटो में व्हाइट कलर की सूती साड़ी पहने शोभिता पर फूलों की बारिश हो रही है। इसके अलावा शादी की दूसरी रस्मों की झलक भी देखने को मिल रही है। लास्ट फोटो में कपल एक साथ कुछ निहारता नजर आ रहा है। दोनों ने कैप्शन में लिखा है, “कान्ते वदनामि सुबगे त्वं सारदम शतम्, मैं मंगलम के लिए डंकिंग कर रहा हूं या अपनी जान की खातिर।” शादी के बाद नागा और शोभिता 6 दिसंबर को मल्लिकार्जुन मंदिर दर्शन करने गए थे। जहां पर नागार्जुन भी उनके साथ दिखे। इन तीनों ने वहां पर पूजा पाठ किया, जिसका इनसाइड वीडियो खूब देखा गया।
अगस्त में हुई थी नागा चैतन्य और शोभिता धुलिपाला की सगाई
इस बीच कपल द्वारा शेयर की गई तस्वीरों को देखकर फैंस ने कमेंट बॉक्स में बधाइयों की झड़ी लगा दी है। वहीं कई सेलिब्रिटीज ने भी बधाई दी है। सिंगर व म्यूजिक डायरेक्टर विशाल ददलानी ने लिखा, “बधाई हो दोस्तों, नई लाइफ के लिए बहुत सारी शुभकामनाएं।” इसी साल 9 अगस्त को चैतन्य और शोभिता ने इंस्टाग्राम पर सगाई की तस्वीर शेयर करते हुए अपने रिलेशनशिप को पब्लिक किया।
बता दें नागा ने साल 2017 में एक्ट्रेस सामंथा रुथ प्रभु के साथ शादी की थी। साल 2021 में चैतन्य और सामंथा ने तलाक ले लिया था। शोभिता के वर्कफ्रंट पर नजर डालें तो उन्होंने कई बेहतरीन फिल्मों में काम किया है। उन्होंने साल 2016 में फिल्म ‘रमन राघव 2.O’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। ओटीटी पर शोभिता ‘मेड इन हेवेन’ वेब सीरीज से पॉपुलर हुईं। शोभिता ने ‘मंकी मैन’, ‘द नाइट मैनेजर’, ‘लव सितारा’ और ‘पोन्नियिन सेलवन’ जैसी फिल्मों और सीरीज में भी काम किया है।














