साउथ सिनेमा के सबसे बड़े प्रोडक्शन हाउसों में से एक मैत्री मूवी मेकर्स ने अपनी नई फिल्म का एलान कर दिया है, जिसमें मुख्य भूमिका में होंगे पैन-इंडिया सुपरस्टार प्रभास। यह फिल्म ‘सीता रामम’ जैसी खूबसूरत फिल्म दे चुके निर्देशक हनु राघवपुड़ी के साथ बनने जा रही है। प्रोजेक्ट की घोषणा ने पहले ही दर्शकों में उत्साह की लहर दौड़ा दी है और अब दीपावली के मौके पर मेकर्स ने इस उत्साह को और बढ़ा दिया है।
मैत्री मूवी मेकर्स ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए प्रशंसकों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और बताया कि फिल्म से जुड़ी एक विशेष झलक 22 अक्टूबर 2025 को सामने लाई जाएगी। टीम ने पोस्ट में लिखा, “पद्मव्यूह विजयी पार्थः – #PrabhasHanu DECRYPTION BEGINS ON 22.10.25 – Happy Diwali”। इस पोस्ट के साथ प्रभास, निर्देशक हनु राघवपुड़ी और संगीत निर्देशक विशाल मिश्रा सहित पूरी टीम को टैग किया गया।
फिल्म में दिग्गज कलाकारों की होगी शानदार मौजूदगी
इस फिल्म की खास बात इसका स्टारकास्ट भी है। प्रभास के साथ फिल्म में बॉलीवुड और भारतीय सिनेमा के तीन दिग्गज चेहरे भी नजर आएंगे – मिथुन चक्रवर्ती, जया प्रदा और अनुपम खेर। इन अनुभवी कलाकारों की मौजूदगी कहानी में एक अलग ही गहराई और भावनात्मक स्पर्श जोड़ने वाली है। साथ ही, उनकी उपस्थिति दर्शकों के लिए एक सुनहरी यादों की झलक भी बन सकती है, क्योंकि ये चेहरे भारतीय सिनेमा की समृद्ध विरासत से जुड़े हुए हैं।














