इमरान हाशमी की फिल्म ‘मर्डर 2’ में रेशमा का रोल निभाने वालीं एक्ट्रेस सुलग्ना पाणिग्रही के फैंस के लिए खुशखबरी है। सुलग्ना और उनके पति कॉमेडियन बिस्वा कल्याण रथ शादी के 4 साल बाद अपने पहले बेबी का वेलकम करने वाले हैं। सुलग्ना टीवी सीरियल से लेकर फिल्मों में नजर आ चुकी हैं। सुलग्ना ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर वीडियो शेयर कर प्रेग्नेंसी अनाउंस की है। कपल ने न सिर्फ अपनी खुशी को साझा किया, बल्कि अपने फैंस को एक हल्के-फुल्के अंदाज में यह खुशखबरी दी है।
सुलग्ना ने कैप्शन में लिखा, “बहुत जल्द…या तो इस वित्तीय वर्ष में या अगले वित्तीय वर्ष में।” जो वीडियो शेयर किया है, उसमें कपल ने अपने चार साल की शादी की झलकियां दिखाई है और फिर आखिर में एक्ट्रेस बेबी बंप के साथ दिखाई दे रही हैं। कपल की प्रेग्नेंसी अनाउंसमेंट के बाद कमेंट बॉक्स पर सेलेब्स और फैंस बधाई दे रहे हैं। सुलगना और बिस्वा ने 9 दिसंबर 2020 को कोविड-19 के दौरान शादी की थी। कोविड के चलते इस कपल ने अपनी शादी बेहद निजी तरीके से की थी, जिसमें सिर्फ करीबी परिवार और दोस्तों को ही आमंत्रित किया गया था।
उनकी शादी की अनाउंसमेंट भी सोशल मीडिया के जरिए हुई थी, जिसमें दोनों ने अपनी शादी की तस्वीरें शेयर की थीं। सुलग्ना को हाल ही में अनुपम खेर के साथ फिल्म ‘विजय 69’ में भी अहम रोल में देखा गया था। इसके अलावा ‘अम्बर-धारा’ और ‘विद्रोही’ जैसे शो से सुलग्ना को घर-घर में पहचान मिली थी। सुलग्ना के खाते में फिल्म ‘अफसोस’ और ‘रेड’ भी हैं।














