पिंकसिटी के रूप में मशहूर जयपुर में हाल ही 25वें आईफा अवार्ड का आयोजन किया गया। इसमें 8 और 9 मार्च को साल 2024 में डिजिटल तथा सिनेमा की दुनिया में उल्लेखनीय योगदान के लिए हस्तियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान बॉलीवुड के दिग्गजों ने एक से बढ़कर एक परफोरमेंस देकर लोगों का मन मोह लिया। इवेंट से फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहे हैं। इस बीच कार्तिक आर्यन और कैटरीना कैफ का एक वीडियो सामने आया है, जिसे देख फैंस की खुशी का ठिकाना नहीं है। आईफा की ओर से उनका वीडियो शेयर किया गया है।
दरअसल दोनों ही कलाकार अपने चाहने वालों के बीच जबरदस्त लोकप्रिय हैं और उनका एकसाथ दिखना एक तरह से बहुत बड़ी ट्रीट है। कार्तिक और कैटरीना वीडियो में थिरकते नजर आ रहे हैं। दरअसल वे जिस गाने पर ताल से ताल मिला रहे हैं वह ‘मोहरा’ फिल्म का सुपरहिट गाना ‘टिप टिप बरसा पानी’ है। दोनों के स्टेप्स पूरे तरह से मैच हो रहे हैं। इसके अलावा कैटरीना ने कार्तिक की पिछले साल आई ब्लॉकबस्टर मूवी ‘भूल भुलैया’ के गाने पर हुक स्टेप भी किए। कैटरीना जबरदस्त मस्ती के मूड में हैं।
कार्तिक ने इस शो को होस्ट किया था और वे कई दिनों से इसकी तैयारी कर रहे थे। कैटरीना के लुक की बात करें तो उन्होंने गोल्डन कलर का आउटफिट पहना था। इस हैवी आउटफिट के साथ उन्होंने मेकअप को मिनिमल रखा था। कार्तिक के लुक पर नजर डालें तो इस हैंडसम हंक ने ब्लैक कलर का सूट पहना था। कैटरीना के वर्कफ्रंट की बात की जाए तो उनकी पिछली फिल्म पिछले साल आई ‘मेरी क्रिसमस’ थी। दूसरी ओर कार्तिक की पिछली फिल्म ‘भूल भुलैया 3’ थी जो दिवाली के मौके पर रिलीज हुई थी।














