दिग्गज फिल्ममेकर करण जौहर हमेशा सुर्खियों में रहते हैं। वे अपने काम के साथ पर्सनल लाइफ को लेकर भी सुर्खियां बटोरते हैं। करण जहां फिल्म इंडस्ट्री में कई सेलेब्स के दोस्त हैं, वहीं कुछ के साथ कभी-कभार उनके रिश्ते भी बिगड़ जाते हैं। साल 2021 में करण और कार्तिक आर्यन में विवाद हो गया था। तब करण ने कार्तिक को अपनी फिल्म ‘दोस्ताना 2’ से बाहर का रास्ता दिखा दिया था और कहा था कि वे बहुत अनप्रोफेशनल हैं। हालांकि दोनों ने पिछले साल अपने विवादों को सुलझा लिया और अब 2 फिल्मों ‘तू मेरी मैं तेरा मैं तेरा तू मेरी’ और ‘नागजिला’ पर साथ काम कर रहे हैं।
अब करण ने कार्तिक से हुई लड़ाई पर चुप्पी तोड़ दी है। करण ने बॉलीवुड हंगामा को दिए इंटरव्यू में कहा कि हमने मिलकर इस पर बातचीत की और बीती बातों को भूला दिया। कार्तिक आज एक बेहद मेहनती, बहुत जुड़े हुए बड़े सितारे हैं, जिनके पास बड़ा फैन बेस है, उनकी स्क्रीन पर पकड़ अच्छी है। मैं और वो मिले, बातचीत की और कोलेब करने का फैसला किया। इसके बाद अब सब ठीक है। मेरे पास, उसके पास, हम सभी के पास एक-दूसरे के साथ अपने मुद्दे हैं, लेकिन यह एक छोटी इंडस्ट्री है जिसे मैं एक परिवार कहता हूं। मेरा मानना है कि एक परिवार में कभी-कभी शिकायतें होती हैं, लेकिन आखिर में अच्छे लोग अच्छी फिल्में बनाना चाहते हैं और अच्छा कंटेंट बनाने के लिए एक साथ आना चाहते हैं।
हम छोटी चीजों पर ध्यान नहीं देते हैं। हमारे पास देखने के लिए बड़ा विजन है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले कार्तिक ने एक इंटरव्यू में विवाद पर बात करते हुए कहा था कि जब मुझे ‘दोस्ताना 2’ से बाहर करने की खबर आई तो मैं चुप था और अब भी चुप रहना पसंद करता हूं। मैं अपने काम पर 100% फोकस करता हूं और जब इस तरह के विवाद होते हैं तो मैं शांत रहता हूं। मैं उनमें बहुत ज्यादा शामिल नहीं होता। मुझे इसमें शामिल होकर किसी को कुछ साबित नहीं करना है। बता दें तब सामने आई मीडिया रिपोर्टों में कहा गया था कि करण के धर्मा प्रोडक्शन के सूत्रों ने बताया कि कार्तिक तारीखें नहीं दे रहे थे और स्क्रिप्ट में कमियां भी निकाल रहे थे।














