दिग्गज कॉमेडियन कपिल शर्मा की फिल्म ‘किस किसको प्यार करूं 2’ लोगों में उत्साह पैदा कर रही है। उम्मीद की जा रही है कि पहले पार्ट के जैसे KKPK 2 भी मनोरंजन में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। कपिल लगातार फिल्म के पोस्टर रिलीज कर रहे हैं। कपिल ने आज रविवार (20 अप्रैल) को फैंस को ईस्टर की शुभकामनाएं देते हुए फिल्म का नया पोस्टर जारी कर बताया कि वह क्रिश्चियन वेडिंग के लिए तैयार हैं। इंस्टाग्राम पर पोस्टर शेयर करने के साथ कपिल ने कैप्शन में लिखा, “आप सभी को ईस्टर की शुभकामनाएं।” कपिल एक दुल्हन के साथ नजर आए। कपिल टक्सीडो पहने दिखे।
इससे पहले कपिल ने बैसाखी के मौके पर पोस्टर शेयर किया था। इसमें वह पंजाबी लिबास में दुल्हन के साथ पोज दे रहे थे। इसके अलावा रामनवमी के अवसर पर शेयर किए गए पोस्टर में कपिल दुल्हन के साथ मंडप में दिखाई दिए। दोनों हाथ जोड़कर प्रार्थना कर रहे थे। एक्ट्रेस का आधा चेहरा घूंघट से ढका हुआ था, जबकि कपिल ऊपर भगवान की ओर देख रहे थे। ऐसा लग रहा थे जैसे कपिल किसी मुश्किल से बाहर निकलने के लिए भगवान से प्रार्थना कर रहे हों। फिल्म का पहला पोस्टर ईद के मौके पर आया था। बता दें फिल्म के डायरेक्टर अनुकल्प गोस्वामी हैं। इसका निर्माण रतन जैन, गणेश जैन और अब्बास-मस्तान ने वीनस वर्ल्डवाइड एंटरटेनमेंट के तहत अब्बास मस्तान फिल्म प्रोडक्शन के सहयोग से किया है।
यह साल 2015 में आई ‘किस किसको प्यार करूं’ का सीक्वल है। उसके डायरेक्टर अब्बास मस्तान थे। उसमें कपिल के साथ अरबाज खान, मंजरी फडणवीस, सिमरन कौर मुंडी, एली अवराम, वरुण शर्मा, सुप्रिया पाठक, शरत सक्सेना और मनोज जोशी के खास रोल थे। कपिल के वर्कफ्रंट पर नजर डालें तो मौजूदा दौर में उनकी गिनती सर्वश्रेष्ठ कॉमेडियन में होती है। खास तौर से उन्होंने टीवी पर तो जबरदस्त धमाल मचाया है। हालांकि अभी वे ओटीटी पर मनोरंजन करने में बिजी हैं। उनके शो के दो सीजन नेटफ्लिक्स पर आ चुके हैं।














