एक्टर जॉन अब्राहम की मूवी ‘द डिप्लोमैट’ पिछले कई दिनों से सुर्खियां बटोर रही है। आज शुक्रवार (14 फरवरी) को इसका ट्रेलर सामने आ गया। फिल्म में जॉन के साथ सादिया खतीब, शारिब हाशमी, रेवती और कुमुद मिश्रा की भी अहम भूमिकाएं हैं। दिवंगत भाजपा नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज की बर्थ एनिवर्सरी पर रिलीज किया गया यह ट्रेलर साल 2017 में उनके द्वारा भारत की बेटी को वापस लाने में भारतीय राजनयिक जे.पी. सिंह का समर्थन करने के लिए किए गए महत्वपूर्ण प्रयासों को ट्रिब्यूट देता है।
फिल्म इस पर प्रकाश डालती है कि युद्ध के बजाय चतुराई और बातचीत अंतिम हथियार हैं। जॉन राजनयिक जे.पी. सिंह की भूमिका में हैं, जो एक बड़े मिशन पर निकलते हैं। जॉन ने फिल्म के बारे में कहा कि कूटनीति एक युद्ध का मैदान है जहां शब्दों का वजन हथियारों से ज्यादा होता है। जे.पी. सिंह की भूमिका निभाने से मुझे एक ऐसी दुनिया का पता लगाने का मौका मिला जहां शक्ति को बुद्धि, लचीलापन और शांत वीरता से परिभाषित किया जाता है। उज्मा की कहानी भारत की ताकत और साहस का प्रमाण है और मुझे इस प्रेरक यात्रा को स्क्रीन पर जीवंत करने पर गर्व है।
फिल्म के डायरेक्टर शिवम नायर ने कहा कि डिप्लोमैट उन गुमनाम नायकों को श्रद्धांजलि है जो अपने देश की रक्षा के लिए रणनीति और धैर्य का इस्तेमाल करते हैं। जे.पी. सिंह की कहानी के माध्यम से हमने कूटनीति की कला को दर्शाया है। फिल्म 7 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म का निर्माण भूषण कुमार व कृष्ण कुमार (टी-सीरीज), जॉन अब्राहम (जेए एंटरटेनमेंट), विपुल डी. शाह, अश्विन वर्दे, राजेश बहल (वाकाओ फिल्म्स) और समीर दीक्षित, जतीश वर्मा, राकेश डांग (फॉर्च्यून पिक्चर्स/सीता फिल्म्स) ने किया है। उल्लेखनीय है कि जॉन की पिछली फिल्म ‘वेदा’ थी। जॉन का काम सराहनीय होने के बावजूद फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर खास व्यवसाय नहीं किया था।














