हॉलीवुड की मेगास्टार एंजेलिना जोली का एक वीडियो इन दिनों चर्चा में है और तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दरअसल, मधुमक्खी दिवस (World Bee Day ) यानी 20 मई को एक्ट्रेस ने मधुमक्खी के संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए, नेशनल ज्योग्राफिक (National Geographic) मैग्जीन के लिए एक फोटो शूट करवाया था। इस फोटोशूट में एंजेलिना के शरीर से ढेर सारी मधुमक्खियां चिपकी नजर आ रही हैं। वहीं एंजेलिना के चेहरे पर शिकन तक नहीं है। इस अनोखे शूट के लिए, जोली को लगभग 18 मिनट तक सैकड़ों मधुमक्खियों से घिरे रहना था। एक्ट्रेस काले रंग के बैकग्राउंड में शांति से बैठी नजर आईं। उन्होंने फोटोशूट के लिए सफेद रंग का एक ऑफ-शोल्डर गैब्रिएला हर्स्ट ड्रेस पहना हुआ था। एंजेलिना के ये फोटोशूट तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और फैन्स अभिनेत्री की खूब तारीफ कर रहे हैं।














